राजधानी दिल्ली में आज रविवार को फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल के 40वें संस्करण का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व कप्तान बाइचुंग भूटिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने लोगों से फिटनेस को जीवन का अहम हिस्सा बनाने और नियमित रूप से साइकिलिंग या रनिंग करने की अपील की।
भूटिया ने कहा, “यह खेल मंत्रालय की बेहतरीन पहल है। मैं सिक्किम में खुद बहुत साइकिलिंग करता हूं। दिल्ली का यह आयोजन शानदार रहा। मैं प्रतिभागियों से कहना चाहूंगा कि फिटनेस के लिए सिर्फ रविवार को ही नहीं, बल्कि हफ्ते में 3-4 दिन साइकिलिंग या रनिंग जरूर करें। जितना फिट रहेंगे, उतना ही बीमारियां दूर रहेंगी। स्वास्थ्य जिंदगी की सबसे बड़ी पूंजी है।”
इस आयोजन में जम्मू से पहुंचे आर्यन ने कहा कि वे हर रविवार साइकिलिंग करते हैं। उनका मानना है कि यदि ऐसे आयोजनों में ज्यादा एथलीट शामिल होंगे तो युवाओं को और अधिक प्रेरणा मिलेगी। इस अवसर पर अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के युवा सदस्यों ने भी साइकिल रैली में भाग लिया।
‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2019 में शुरू किए गए ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ का हिस्सा है। इसका उद्देश्य लोगों को हर रविवार योग, साइकिलिंग और खेलकूद जैसी गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना है, ताकि समाज में सामूहिक भागीदारी के साथ स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा दिया जा सके। इसके साथ ही साइकिलिंग के जरिए प्रदूषण और ट्रैफिक जाम को भी कम किया जा सकता है। -(IANS)


