Print

जेवर एयरपोर्ट से शुरू हुआ विमान संचालन, इंडिगो बनी पहली एयरलाइन

विमानन कंपनी इंडिगो ने सोमवार को उत्तर प्रदेश के जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (एनआईए) से उड़ान संचालन शुरू कर दिया। इसके साथ ही इंडिगो इस हवाई अड्डे से परिचालन शुरू करने वाली पहली एयरलाइन बन गई है।

एयरलाइन के अनुसार, पहली उड़ान लखनऊ से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंची, जबकि पहली प्रस्थान उड़ान बेंगलुरु के लिए रवाना हुई।

इंडिगो नए हवाई अड्डे को देश के 16 से अधिक प्रमुख गंतव्यों से सीधे जोड़ेगी। इसके अलावा यात्रियों को कई शहरों के बीच एक-स्टॉप कनेक्टिविटी की सुविधा भी मिलेगी।

इसमें अमृतसर-जोधपुर, बरेली-भोपाल, बरेली-जयपुर, बरेली-जोधपुर, धर्मशाला-जोधपुर, चंडीगढ़-बरेली, चंडीगढ़-किशनगढ़, चंडीगढ़-पंतनगर, जम्मू-जोधपुर, जयपुर-धर्मशाला, जयपुर-पंतनगर, किशनगढ़-भोपाल, पंतनगर-जयपुर और पंतनगर-जोधपुर जैसे शहरों के बीच बेहतर हवाई संपर्क शामिल है।

एयरलाइन का कहना है कि इन नई सेवाओं से टियर-2 और टियर-3 शहरों को देश के बड़े महानगरों से जोड़ने में मदद मिलेगी और यात्रियों के लिए हवाई यात्रा अधिक सुविधाजनक बनेगी।

इंडिगो के मुख्य रणनीति अधिकारी आलोक सिंह ने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन भारत के विमानन क्षेत्र में एक नए अध्याय की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि दिल्ली-एनसीआर अब दुनिया के उन चुनिंदा बड़े महानगरों में शामिल हो गया है, जहां एक से अधिक हवाई अड्डे संचालित हो रहे हैं।

यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को क्षेत्र के एक प्रमुख विमानन और लॉजिस्टिक्स केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है, जो मौजूदा हवाई क्षमता को और मजबूत करेगा।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उपाध्यक्ष क्रिस्टोफ श्नेलमैन ने कहा कि इंडिगो की पहली उड़ानों का स्वागत करना एयरपोर्ट के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि लॉन्च कैरियर के रूप में इंडिगो पहले दिन से ही यात्रियों को देश के प्रमुख शहरों से जोड़ने का काम करेगी।

उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट प्रबंधन इंडिगो के साथ मिलकर यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करने तथा क्षेत्र में विमानन, व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कार्य करेगा।

अधिकारियों के अनुसार, एयरपोर्ट का पहला चरण पूरा हो चुका है और इसमें प्रतिवर्ष लगभग 1.2 करोड़ यात्रियों को संभालने की क्षमता है। वर्तमान में यहां रनवे, एकीकृत टर्मिनल भवन और एयर ट्रैफिक कंट्रोल टावर जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं।

-(इनपुटःआईएएनएस)