विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने चीनी विदेश मंत्री वांग यी से की मुलाकात, दोनों देशों ने माना- संबंधों में सुधार की प्रक्रिया में आई तेजी

भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिस्री चीन दौरे पर हैं। उन्होंने चीनी विदेश मंत्री वांग यी से सोमवार को बीजिंग में मुलाकात की। इस दौरान इस बात पर जोर दिया कि चीन-भारत संबंधों में सुधार की प्रक्रिया में तेजी आई है। उनके मुताबिक पिछले साल कजान में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की पीएम मोदी की बैठक के बाद से सभी स्तरों पर सकारात्मक बातचीत हुई है।  

बैठक के बाद चीनी विदेश मंत्रालय ने कहा कि दोनों देशों के नेताओं के बीच बनी ‘महत्वपूर्ण सहमति को दोनों पक्षों की तरफ से ईमानदारी से लागू किया गया है।’ चीनी पक्ष की तरफ से जारी एक बयान में कहा गया, “दोनों पक्षों को एक-दूसरे से मिलकर काम करना चाहिए, अधिक ठोस उपायों की तलाश करनी चाहिए, आपसी शक, अलगाव के बजाय आपसी समझ, समर्थन और उपलब्धि के लिए प्रतिबद्ध होना चाहिए।”

इसमें कहा गया, “चीन-भारत संबंधों का सुधार और विकास दोनों देशों और उनके लोगों के मौलिक हितों के लिए जरूरी है, वैश्विक दक्षिण देशों के वैध अधिकारों और हितों की रक्षा के अनुकूल है।”

बता दें कि अक्टूबर 2024 में कजान में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान अपनी बैठक के दौरान, पीएम मोदी ने चीनी राष्ट्रपति को बताया था कि भारत-चीन संबंधों को यदि सकारात्मक दिशा में जाना है तो इन्हें तीन सिद्धांत – परस्पर विश्वास, आपसी सम्मान और आपसी संवेदनशीलता पर आधारित होना चाहिए।

पीएम मोदी ने शी जिनपिंग के साथ महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठक के बाद कहा, “हम पिछले चार वर्षों में भारत-चीन सीमा पर उत्पन्न मुद्दों पर बनी आम सहमति का स्वागत करते हैं। सीमा पर शांति और स्थिरता बनाए रखना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। आपसी विश्वास, आपसी सम्मान और आपसी संवेदनशीलता हमारे संबंधों का आधार हैं।” यह बैठक करीब पांच वर्षों में प्रतिनिधिमंडल स्तर पर पहली बैठक थी।

RELATED ARTICLES

06/11/26 | 4:19 pm | India US military exercise

भारत-अमेरिका का संयुक्त सैन्य अभ्यास टाइगर ट्रायम्फ 2026 संपन्न, विशाखापत्तनम में हुआ समापन समारोह

भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय त्रि-सेवा मानवीय सहायता एवं आपदा राहत (एचएडीआर) अभ्यास 'टाइगर ...

06/11/26 | 8:45 am | Democrats

ट्रंप ने ईरान पर और सैन्य कार्रवाई के दिए संकेत, डेमोक्रेट्स युद्ध खत्म करने की कर रहे तैयारी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ और सैन्य कार्रवाई करने के संकेत दिए हैं। हाल...