Print

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का निगम बोध घाट पर अंतिम संस्कार आज, स्मारक के लिए जल्द जमीन आवंटित करेगी सरकार

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार आज शनिवार को पूर्वाह्न 11ः45 बजे निगम बोध घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। इससे पहले दिवंगत नेता सिंह का पार्थिव शरीर सुबह 8:30 से 9ः30 बजे तक कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं के अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने रात को बयान जारी कर कहा कि सरकार डॉ. मनमोहन सिंह के स्मारक के लिए स्थान आवंटित करेगी और इस संबंध में उनके परिवार और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को सूचित कर दिया गया है।

कांग्रेस ने मांग की थी कि डॉ. सिंह का अंतिम संस्कार राजघाट के पास किया जाए जहां बाद में उनका स्मारक भी बनाया जा सके। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने निगम बोध घाट को अंतिम संस्कार के लिए निर्धारित किया है और स्मारक के लिए जल्द ही जमीन आवंटित करने का आश्वासन दिया है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि अंतिम संस्कार और अन्य औपचारिकताएं पहले पूरी की जाएंगी। ट्रस्ट गठन के बाद स्मारक के लिए स्थान का आवंटन किया जाएगा।

गौरतलब है कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का 26 दिसंबर की रात 9ः51 बजे अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) नई दिल्ली में निधन हो गया था। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल के मुताबिक पूर्व प्रधानमंत्री सिंह का पार्थिव शरीर आवास 3, मोतीलाल नेहरू रोड से आज सुबह कांग्रेस (एआईसीसी) मुख्यालय लाया जाएगा। डॉ. सिंह की अंतिम यात्रा सुबह 9ः30 बजे एआईसीसी मुख्यालय से निगम बोध घाट के लिए शुरू होगी।

दिल्ली पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। इसमें दिल्ली के प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन की जानकारी दी गई है। लोगों से अपील की गई है कि वे कुछ सड़कों से बचें और भीड़-भाड़ कम करने के लिए सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें।

दोपहर तीन बजे तक रहेगा डायवर्जन

एडवाइजरी के मुताबिक आज डॉ. मनमोहन सिंह के राजकीय अंतिम संस्कार के मौके पर कई विदेशी गणमान्य व्यक्ति, वीआईपी, वीवीआईपी और आम लोग निगम बोध घाट जाएंगे। इस दौरान राजा राम कोहली मार्ग, राजघाट रेड लाइट, सिग्नेचर ब्रिज और युधिष्ठिर सेतु जैसे स्थानों पर यातायात डायवर्ट किया जाएगा। रिंग रोड, निषाद राज मार्ग, एसपीएम मार्ग, लोथियन रोड और नेताजी सुभाष मार्ग पर सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक यातायात पर प्रतिबंध और डायवर्जन लग सकता है। ऐसे में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वह इन रास्तों पर जाने से बचें। इसके अलावा, पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन, आईएसबीटी, लाल किला, चांदनी चौक और तीस हजारी कोर्ट जाने वाले यात्रियों को समय पर निकलने की सलाह दी गई है। ट्रैफिक की भीड़ को कम करने के लिए सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की भी सिफारिश की गई है। वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही पार्क करने के लिए कहा गया है।

पहली जनवरी तक राजकीय शोक, आधा झुका रहेगा तिरंगा

सरकार ने देश में पहली जनवरी तक सात दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। इस दौरान, देश में और सभी भारतीय दूतावासों व उच्चायोगों में भी राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा आधा झुका रहेगा। वहीं केंद्र सरकार के सभी कार्यालयों और सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों में आज आधे दिन अवकाश रहेगा।

RELATED ARTICLES

7 mins ago | banking sector

सरकार ने आईडीबीआई बैंक के रणनीतिक पुनर्गठन को दी मंजूरी

आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) ने आईडीबीआई बैंक लिमिटेड के रणनीतिक पुनर्गठन को म...

39 mins ago | Anita Anand

प्रधानमंत्री मोदी से मिलीं कनाडाई विदेश मंत्री अनीता आनंद, व्यापार-तकनीक समेत कई मुद्दों पर चर्चा

कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरा...