भारत दौरे पर फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों, एआई इम्पेक्ट समिट में लेंगे हिस्सा

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों 17 से 19 फरवरी तक तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर भारत आएंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर राष्ट्रपति मैक्रों भारत आ रहे हैं। इस दौरे के दौरान वे भारत-एआई इम्पेक्ट समिट 2026 में भी हिस्सा लेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय सहयोग पर होगी चर्चा

विदेश मंत्रालय ने बताया कि दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों ‘हॉरिजोन 2047 रोडमैप’ के तहत कई अहम क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा करेंगे। इसके साथ ही दोनों नेता आपसी हितों से जुड़े क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श करेंगे, जिसमें इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सहयोग भी शामिल रहेगा।

मुंबई में होगा भारत-फ्रांस ईयर ऑफ इनोवेशन का उद्घाटन

दोनों नेता मुंबई में भारत-फ्रांस ईयर ऑफ इनोवेशन का उद्घाटन करेंगे। यह कार्यक्रम वर्ष 2026 के दौरान भारत और फ्रांस दोनों देशों में मनाया जाएगा और इसका उद्देश्य इनोवेशन, टेक्नोलॉजी और स्टार्टअप्स के क्षेत्र में सहयोग को नई दिशा देना है।

एआई इम्पेक्ट समिट में लेंगे हिस्सा राष्ट्रपति मैक्रों

राष्ट्रपति मैक्रों 19 फरवरी को नई दिल्ली में आयोजित भारत-एआई इम्पेक्ट समिट में भाग लेंगे। यह समिट 16 से 20 फरवरी तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस वैश्विक समिट का उद्घाटन करेंगे।

ग्लोबल साउथ का पहला एआई समिट

भारत-एआई इम्पेक्ट समिट को ग्लोबल साउथ में आयोजित होने वाला पहला एआई समिट बताया जा रहा है। इसमें दुनियाभर के देशों से नेता, नीति निर्माता, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और विशेषज्ञ शामिल होंगे।

भारत के विकास में एआई की अहम भूमिका

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस भारत के विकास सफर, गवर्नेंस को मजबूत करने और पब्लिक सर्विस डिलीवरी को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यह समावेशी विकास को समर्थन देता है और 2047 तक विकसित भारत के दृष्टिकोण के अनुरूप है।

भाषायी विविधता से मल्टी-लैंग्वल एआई को बढ़ावा

भारत की भाषायी और सांस्कृतिक विविधता देश को बहुभाषी और मल्टी-मॉडल एआई सिस्टम विकसित करने के लिए एक अनुकूल मंच प्रदान करती है। समिट में गवर्नेंस, नवाचार और सतत विकास के लिए एआई की परिवर्तनकारी क्षमता पर गहन चर्चा होगी।

भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी को मिलेगी नई मजबूती

यह दौरा प्रधानमंत्री मोदी के हालिया फ्रांस दौरे के बाद हो रहा है और भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी में गहराते आपसी विश्वास और सहयोग को दर्शाता है। दोनों देश शांति, तकनीक और वैश्विक स्थिरता के क्षेत्रों में सहयोग को और आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। (इनपुट: आईएएनएस)