राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोमवार को राष्ट्रपति भवन में स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाय पार्मेलिन और उनकी पत्नी कैरोलिन पार्मेलिन के सम्मान में आयोजित राजकीय रात्रिभोज में जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के पारंपरिक व्यंजनों से मेहमानों का स्वागत किया। विशेष रूप से तैयार किए गए इस मेन्यू में ‘नादुर कबाब’, ‘हाक’, ‘दम आलू’, ‘फायमर’ और ‘कहवा’ सहित दोनों क्षेत्रों की समृद्ध पाक परंपराओं को शामिल किया गया, जिसमें स्थानीय सामग्री और सदियों पुरानी खान-पान की विरासत की झलक देखने को मिली।
लद्दाख से कश्मीर और जम्मू तक खास सामग्री
रात्रिभोज के लिए तैयार किए गए प्रत्येक व्यंजन में जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की विशिष्ट खाद्य सामग्री और पाक परंपराओं को प्रमुखता दी गई। लद्दाख के ऊंचे पठारों से सी बकथॉर्न, खुबानी, जंगली बिछुआ, याक के दूध से बना चीज और जौ शामिल किए गए, जबकि कश्मीर घाटी से केसर, गुच्छी, कमल ककड़ी और सुगंधित मसालों का इस्तेमाल किया गया। जम्मू की मिठाइयों और स्ट्रीट फूड की परंपरा को भी मेन्यू में स्थान मिला।
हिमालय और स्विस आल्प्स की पाक परंपराओं का मेल
रात्रिभोज की व्यंजन सूची में हिमालय और स्विस आल्प्स की खान-पान परंपराओं के बीच समानता को भी रेखांकित किया गया। दोनों पर्वतीय क्षेत्रों में उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों के कुशल इस्तेमाल और मौसमी उपज के प्रति सम्मान की परंपरा देखने को मिलती है। इसी विचार को ध्यान में रखते हुए जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के पारंपरिक स्वादों को राजकीय रात्रिभोज का हिस्सा बनाया गया।
जंगली बिछुआ सूप से हुई शुरुआत
रात्रिभोज में ‘जा थुक’ सूप परोसा गया, जो लद्दाख का पौष्टिक जंगली बिछुआ सूप है। इसमें मटर का इस्तेमाल किया गया था और ऊपर से भुने हुए बाजरे के दानों से सजाया गया। इसे विभिन्न प्रकार की ब्रेड के साथ परोसा गया।
लद्दाखी चीज और जम्मू के कलाड़ी पनीर का स्वाद
‘लाबो-ना त्सोनमा’ सलाद में लद्दाख की पारंपरिक चीज बनाने की कला की झलक मिली। इसमें लाबो और छुरपी के साथ जम्मू का प्रसिद्ध कलाड़ी पनीर, सूखे सेब, अखरोट, जंगली केपर्स और लेट्यूस शामिल किए गए। इसे सी बकथॉर्न और शहद से तैयार ड्रेसिंग के साथ परोसा गया। इसके साथ क्रैकर्स और खुबानी जैम/तंगथुर भी शामिल था।
जम्मू के स्ट्रीट फूड ‘किम्ब चाट’ ने बढ़ाया स्वाद
मेहमानों को जम्मू का लोकप्रिय स्ट्रीट फूड ‘किम्ब चाट’ भी परोसा गया। इसमें उबली अरबी, शकरकंद और चावल के आटे से बने कुरकुरे टुकड़ों को मीठे दही, इमली की चटनी और कमरख के साथ परोसा गया, जिससे जम्मू के पारंपरिक स्ट्रीट फूड का स्वाद राजकीय रात्रिभोज तक पहुंचा।
नादुर कबाब में दिखा कश्मीरी जायका
‘नादुर कबाब विद दूयन चटनी’ में कमल ककड़ी से तैयार कबाब को कश्मीर के सुगंधित मसालों के साथ पकाया गया। इसे अखरोट की चटनी के साथ परोसा गया, जिसने पारंपरिक कश्मीरी स्वाद को खास अंदाज में प्रस्तुत किया।
हाक और दम आलू ने सजाई मुख्य थाली
मुख्य व्यंजनों में जम्मू-कश्मीर का प्रसिद्ध ‘हाक’ शामिल था। सरसों के तेल और हींग के साथ पकाए गए मसालेदार हरे पत्तेदार साग को पारंपरिक अंदाज में परोसा गया। इसके साथ ‘दम आलू’ था, जिसमें आलू को दही, सोंठ, सौंफ और अन्य सुगंधित मसालों के साथ पकाया गया था।
गुच्छी पुलाव और पारंपरिक ब्रेड का साथ
‘काना गुच्छ पुलाव’ कश्मीरी गुच्छी और साबुत मसालों से तैयार किया गया सुगंधित पुलाव था। इसके साथ ‘मुज्ज चटिन’ परोसी गई, जिसमें ताजा फेंटे गए दही के साथ सफेद मूली शामिल थी। मेहमानों को इसके साथ ‘शीरमाल’ और ‘कतलम’ जैसी पारंपरिक ब्रेड भी परोसी गई।
शुफ्ता और फायमर से मीठा हुआ रात्रिभोज
मिठाइयों में जम्मू-कश्मीर की पारंपरिक मिठाई ‘शुफ्ता’ शामिल थी। इसे सूखे खजूर, काजू, किशमिश और नारियल को पकाकर तैयार किया गया और ऊपर से खसखस से सजाया गया। लद्दाख की पारंपरिक मिठाई ‘फायमर’ भी मेन्यू का हिस्सा थी, जिसे भुने हुए जौ, गुड़ और मक्खन से तैयार कर नरम ‘चूरा’ पनीर के साथ परोसा गया।
कहवा से लेकर गुर गुर चाय तक
रात्रिभोज के समापन पर मेहमानों ने कश्मीरी ‘कहवा’ का आनंद लिया। दालचीनी, इलायची और केसर से सुगंधित इस पारंपरिक चाय के साथ लद्दाख की मक्खन वाली ‘गुर गुर चाय’ और ‘वाइल्ड रोज टी’ भी परोसी गई।
मुर्मु ने भारत-स्विट्जरलैंड आर्थिक संबंधों पर दिया जोर
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रात्रिभोज को संबोधित करते हुए कहा कि भारत-यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ (ईएफटीए) व्यापार एवं आर्थिक भागीदारी समझौते (टीईपीए) के लागू होने के बाद भारत और स्विट्जरलैंड के बीच द्विपक्षीय व्यापार तथा निवेश के विस्तार के लिए नए अवसर पैदा हुए हैं। उन्होंने कहा कि स्विट्जरलैंड भारत का एक महत्वपूर्ण व्यापार और निवेश साझेदार है।
पार्मेलिन की तीन दिवसीय भारत यात्रा शुरू
स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाय पार्मेलिन ने सोमवार से भारत की तीन दिवसीय यात्रा शुरू की। यह उनकी भारत की पहली राजकीय यात्रा है। इससे पहले वह फरवरी में एआई इम्पैक्ट समिट में हिस्सा लेने भारत आए थे। उनकी मौजूदा यात्रा दोनों देशों के बीच आर्थिक, व्यापारिक और द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। (इनपुट: भाषा)


