15/06/24 | 9:37 am

Print

G-7 शिखर सम्मेलन : पीएम मोदी ने प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में एकाधिकार समाप्त करने का किया आह्वान

जी-7 सम्मेलन में पीएम मोदी ने बीते शुक्रवार को वैश्विक नेताओं से प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में एकाधिकार को समाप्त करने का आह्वान किया। पीएम ने कहा कि समावेशी समाज की नींव रखने के लिए इसे रचनात्मक बनाया जाना चाहिए। इससे पहले पीएम मोदी ने दुनिया के शीर्ष नेताओं बाइडन, वोलोदोमीर जेलेंस्की, जार्जिया मेलोनी, ऋषि सुनक, जस्टिन ट्रूडो, यूएन महासचिव एंटोनियो गुटारेस से मुलाकात कर दि्वपक्षीय संबंधों पर भी चर्चा की।

पीएम मोदी ने इटली के अपुलिया क्षेत्र में जी-7 शिखर सम्मेलन के संवाद सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि ‘ग्लोबल साउथ’ के देश वैश्विक अनिश्चितताओं और तनावों का खामियाजा भुगत रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत ने ‘ग्लोबल साउथ’ के देशों की प्राथमिकताओं और चिंताओं को विश्व मंच पर रखना अपनी जिम्मेदारी माना है। पीएम ने कहा, ‘‘इन प्रयासों में हमने अफ्रीका को उच्च प्राथमिकता दी है। हमें गर्व है कि भारत की अध्यक्षता में जी-20 ने अफ्रीकी संघ को अपना स्थायी सदस्य बनाया है।’’

पीएम मोदी ने आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस पर दिया जोर

प्रधानमंत्री ने प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में एकाधिकार समाप्त करने के महत्व पर विस्तार से बात की और कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर जोर दिया। उन्होंने कहा, ‘‘हमें प्रौद्योगिकी को रचनात्मक बनाना होगा, विघटनकारी नहीं। तभी हम समावेशी समाज की नींव रख पाएंगे।’’ मोदी ने कहा कि भारत कृत्रिम मेधा (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) को लेकर राष्ट्रीय रणनीति तैयार करने वाले शुरुआती कुछ देशों में शामिल है।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘पिछले वर्ष भारत द्वारा आयोजित जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान हमने एआई के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय शासन-प्रणाली के महत्व पर जोर दिया था।’’ उन्होंने कहा कि ऊर्जा के क्षेत्र में भारत का दृष्टिकोण चार सिद्धांतों उपलब्धता, पहुंच, वहनीयता और स्वीकार्यता पर आधारित है। उन्होंने कहा, ‘‘हम 2070 तक ‘नेट जीरो’ का लक्ष्य हासिल करने की अपनी प्रतिबद्धता पूरी करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। हमें मिलकर आने वाले समय को ‘हरित युग’ बनाने का प्रयास करना चाहिए।’’

RELATED ARTICLES

5 mins ago | Ali Falih Kadim Al-Zaidi Iraq Prime Minister

इराक के नए पीएम बने अली फलीह कदीम अल-जैदी, पीएम मोदी ने दी बधाई

अली फलीह कदीम अल-जैदी इराक के नए प्रधानमंत्री चुने गए हैं। भारत के प्रधानमंत्री ने इराक के नए पी...