दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में आयोजित जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज रविवार को नीदरलैंड्स के प्रधानमंत्री डिक स्कोफ से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने भारत-नीदरलैंड्स साझेदारी को आगे बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने जल प्रबंधन, इनोवेशन, प्रौद्योगिकी और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में तेजी से बढ़ते सहयोग की सराहना की। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा, “नीदरलैंड्स के प्रधानमंत्री डिक स्कोफ से मुलाकात बेहद उपयोगी रही। हमारे देशों के बीच पानी के संसाधन, नवाचार, प्रौद्योगिकी और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में सहयोग तेजी से बढ़ रहा है। आने वाले समय में हम व्यापार और निवेश के अवसरों को और गहरा करेंगे।”
समिट के दौरान पीएम मोदी ने कई अन्य विश्व नेताओं से भी मुलाकात की। दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा के साथ उनकी द्विपक्षीय बैठक में वाणिज्य, संस्कृति, निवेश, प्रौद्योगिकी, स्किलिंग, AI और क्रिटिकल मिनरल्स जैसे क्षेत्रों में साझेदारी को और आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई। पीएम मोदी ने दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति रामफोसा को जी20 की सफल अध्यक्षता के लिए बधाई भी दी।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर से मुलाकात के बाद पीएम मोदी ने कहा कि इस वर्ष भारत-यूके साझेदारी में नई ऊर्जा आई है और दोनों देश कई क्षेत्रों में इसे आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। पीएम मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्युंग, ब्राजील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा और मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से भी बातचीत की। उन्होंने बताया कि भारत-फ्रांस संबंध “वैश्विक भलाई के लिए एक महत्वपूर्ण ताकत” बने हुए हैं, जबकि दक्षिण कोरिया के साथ बढ़ते आर्थिक और निवेश सहयोग पर भी चर्चा हुई।
इससे पहले शनिवार को ब्राजील के राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद पीएम मोदी ने कहा कि भारत और ब्राजील अपने लोगों के हित में व्यापार और सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करेंगे। इसके अलावा, प्रधानमंत्री मोदी ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेस के साथ भी “सार्थक” चर्चा की। मुख्य सत्र से पहले उन्होंने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी सहित अन्य नेताओं से भी संक्षिप्त वार्ता की। समिट की ‘फैमिली फोटो’ साझा करते हुए पीएम मोदी ने लिखा, “हम सबने मिलकर वैश्विक प्रगति और समृद्धि के लिए अपने साझा संकल्प को दोहराया।”-(Input with ANI)


