गाजीपुर में 692 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात, विपक्ष पर जमकर बरसे सीएम योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गाजीपुर में 692 करोड़ रुपए की 268 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कानून-व्यवस्था, माफिया, विकास और राष्ट्रनायकों के सम्मान जैसे मुद्दों पर विपक्ष को घेरा। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में कोई भी रामलीला में असलहा लहराकर दंगा करने का दुस्साहस नहीं कर सकता, क्योंकि उसे पता है कि ऐसा करने वालों को मिट्टी में ही दफन होना पड़ेगा।

माफिया पर जीरो टॉलरेंस की नीति का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज को बांटने वाले लोग विदेशी आक्रांता सालार मसूद गाजी का महिमामंडन करते थे और माफिया के सामने नाक रगड़ते थे। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाकर माफिया का सफाया किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले सत्ता के संरक्षण में अपराधी फलते-फूलते थे, जबकि अब कानून का राज स्थापित हुआ है।

जनप्रतिनिधियों के चयन को लेकर जनता से की अपील

योगी आदित्यनाथ ने गाजीपुर की जनता से ऐसे जनप्रतिनिधि चुनने की अपील की जो क्षेत्र के विकास और जनता की आवाज उठाने का काम करें। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रतिनिधियों की आवश्यकता नहीं है जो अवैध असलहा लाइसेंस बनवाने या फर्जी लाइसेंस के जरिए अपराधियों को संरक्षण देने में लगे हों।

गाजीपुर के आध्यात्मिक और ऐतिहासिक महत्व का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि गाजीपुर आध्यात्मिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने पौहारी बाबा, भगवान परशुराम और महर्षि जमदग्नि का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे जिले में माफिया संस्कृति का कोई स्थान नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि माफिया समाज का शोषण करते हैं, व्यापारियों को भयभीत करते हैं और महिलाओं की सुरक्षा के लिए खतरा बनते हैं।

कृष्णानंद राय हत्याकांड का भी किया जिक्र

योगी आदित्यनाथ ने पूर्व विधायक कृष्णानंद राय की हत्या का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने माफिया के खिलाफ संघर्ष किया था, लेकिन उस समय सत्ता के संरक्षण में अपराधियों ने उनके साथ सात अन्य लोगों की हत्या कर दी। उन्होंने कहा कि अब अपराधियों को किसी प्रकार का राजनीतिक संरक्षण नहीं मिलेगा।

विकास परियोजनाओं और कनेक्टिविटी पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि गाजीपुर को बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, गोरखपुर-वाराणसी हाईवे और अन्य परियोजनाओं से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को चंदौली, वाराणसी होते हुए शक्तिनगर तक जोड़ने की दिशा में कार्य कर रही है।

राष्ट्रनायकों के सम्मान को लेकर विपक्ष पर निशाना

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों ने राष्ट्रनायकों की उपेक्षा कर विदेशी आक्रांताओं का महिमामंडन किया। उन्होंने महाराजा सुहेलदेव का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने बहराइच में उनका स्मारक, प्रतिमा और मेडिकल कॉलेज स्थापित कराया तथा उनके नाम पर विभिन्न परियोजनाओं को समर्पित किया।

रोजगार, किसानों और युवाओं के लिए योजनाओं का उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पिछले नौ वर्षों में नौ लाख से अधिक युवाओं को बिना सिफारिश और बिना घूस के सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल ऋण माफी, ओडीओपी, पीएम विश्वकर्मा योजना, मिशन रोजगार और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इनसे युवाओं, किसानों और उद्यमियों को लाभ मिल रहा है।

विकसित उत्तर प्रदेश बनाने का किया आह्वान

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए उत्तर प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने गाजीपुरवासियों से विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित गाजीपुर के निर्माण में सहभागी बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि सुरक्षा, सुशासन और विकास डबल इंजन सरकार की पहचान है तथा सरकार जनता के साथ मिलकर प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है। (इनपुट: आईएएनएस)