संसद के बजट सत्र में भारत के पूर्व थल सेनाध्यक्ष जनरल मनोज मुकुंद नरवणे की किताब ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ को लेकर सियासी घमासान छिड़ गया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी इस किताब का उल्लेख करना चाहते थे, लेकिन रक्षा मंत्री ने नियमों का हवाला देते हुए इसकी अनुमति नहीं दी। इसके बाद भाजपा सांसदों ने राहुल गांधी पर देश में भ्रम फैलाने का आरोप लगाया।
राहुल गांधी पर भ्रम फैलाने का आरोप
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बातचीत में कहा कि राहुल गांधी किसानों के मुद्दे पर भी देश को भ्रमित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि झूठ और लोगों में भ्रम फैलाना ही उनका काम रह गया है। गिरिराज सिंह ने कहा कि कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि किसानों के हितों के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ नहीं होगा। उनके अनुसार विपक्ष अनावश्यक तनाव और भ्रम की स्थिति पैदा करना चाहता है।
‘आरोप प्रमाणित करें या माफी मांगें’
भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने कहा कि राहुल गांधी ने किताब को लेकर संसद में जो बयान दिया, उसमें कुछ बातों को प्रमाणित करने की बात कही थी, लेकिन पूरे दिन इंतजार के बावजूद वे ऐसा नहीं कर सके। उन्होंने कहा, “या तो राहुल गांधी अपने आरोपों को प्रमाणित करें या देश से माफी मांगें। हम उनका पीछा नहीं छोड़ने वाले हैं।” उन्होंने बजट पर चर्चा के दौरान इंडिया-यूएस एग्रीमेंट के जिक्र पर भी राहुल गांधी पर तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश करने का आरोप लगाया।
मोदी सरकार की कार्यशैली की सराहना
संजय जायसवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि 2014 में शपथ लेने के बाद उन्होंने खुद को ‘पब्लिक सर्वेंट’ बताया और शासन की कार्यशैली में व्यापक बदलाव लाया। उनके मुताबिक मोदी सरकार ने प्रशासनिक तंत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाई है।
विपक्ष पर हंगामे का आरोप
भाजपा सांसद और उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि जिनके पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है, वे हंगामा कर सुर्खियां बटोरने की कोशिश करते हैं। उन्होंने दावा किया कि एनडीए सरकार ने विकास के क्षेत्र में कोई कसर नहीं छोड़ी है और विपक्ष के पास भ्रष्टाचार या विकास से जुड़ा कोई ठोस आरोप नहीं है।
सदन की कार्यवाही बाधित करने का आरोप
भाजपा सांसद कमलजीत सहरावत ने आरोप लगाया कि विपक्ष हर सत्र में नए मुद्दे उठाकर सदन की कार्यवाही बाधित करने की कोशिश करता है। उन्होंने कहा कि जांच में अक्सर विपक्ष के आरोपों में तथ्य नहीं मिलते, जो उनकी विफलता को दर्शाता है। (इनपुट-आईएएनएस)


