Print

आंध्र प्रदेश 10वीं रिजल्ट में छात्राओं ने मारी बाजी

आंध्र प्रदेश में सेकेंडरी स्कूल सर्टिफिकेट (SSC) यानी कक्षा 10वीं के परिणाम गुरुवार को घोषित कर दिए गए। इस बार कुल उत्तीर्ण प्रतिशत में सुधार दर्ज किया गया है और छात्राओं ने छात्रों से बेहतर प्रदर्शन किया है।

इस वर्ष कुल पास प्रतिशत 85.25 फीसदी रहा, जो पिछले साल के 81.14 फीसदी से अधिक है। छात्राओं का पास प्रतिशत 87.90 फीसदी दर्ज किया गया, जबकि 82.68 फीसदी छात्र परीक्षा में सफल रहे। राज्य भर में 16 मार्च से 1 अप्रैल के बीच आयोजित इन परीक्षाओं में 6 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया था।

राज्य के मानव संसाधन विकास और आईटी मंत्री नारा लोकेश ने सोशल मीडिया के जरिए परिणाम घोषित किए। छात्र अपने परिणाम आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।

इसके अलावा ‘मना मित्रा’ (व्हाट्सएप गवर्नेंस) के माध्यम से भी रिजल्ट उपलब्ध है, जहां छात्र 9552300009 नंबर पर “Hi” भेजकर अपना परिणाम प्राप्त कर सकते हैं। LEAP मोबाइल ऐप और डिजीलॉकर के जरिए भी परिणाम देखे जा सकते हैं।

नारा लोकेश ने कहा कि राज्य में जहां बड़े निवेश और विकास परियोजनाएं चल रही हैं, वहीं शिक्षा के क्षेत्र में यह सुधार उन्हें विशेष संतोष देता है। उन्होंने सफल छात्रों को बधाई दी और असफल छात्रों को निराश न होने की सलाह देते हुए दोबारा प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।

सरकारी स्कूलों का प्रदर्शन भी बेहतर रहा है, जहां पास प्रतिशत बढ़कर 78.39 फीसदी हो गया, जो पिछले वर्ष 72.8 फीसदी था। जिला वार प्रदर्शन में पार्वतीपुरम मन्यम जिला 96.07 फीसदी पास प्रतिशत के साथ शीर्ष पर रहा, जबकि अल्लूरी सीतारामराजू जिला 57.12 फीसदी के साथ सबसे नीचे रहा।

बोर्ड ने यह भी घोषणा की है कि सप्लीमेंट्री परीक्षाएं 25 मई से 4 जून के बीच आयोजित की जाएंगी। परीक्षा शुल्क 1 मई से 9 मई तक जमा किया जा सकता है। वहीं, पुनर्गणना और पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन 1 मई से शुरू होंगे। बोर्ड ने कहा कि यह सुधार छात्रों की मेहनत और शिक्षकों व अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है, और राज्य सरकार हर छात्र की सफलता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

(इनपुट-आईएएनएस)