अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) की प्रमुख क्रिस्टालिना जॉर्जीवा ने चेतावनी दी है कि यदि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के लिए पर्याप्त सुरक्षा उपाय और नैतिक ढांचा तैयार नहीं किया गया, तो इसके जोखिम संभावित लाभों से अधिक हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि तेजी से विकसित हो रही इस तकनीक के लिए उद्योग जगत के स्व-नियमन के साथ प्रमुख सरकारों की भागीदारी भी जरूरी है।
जॉर्जीवा ने शुक्रवार को बैंकॉक में IMF और विश्व बैंक की वार्षिक बैठकों के दौरान आयोजित एक चर्चा में यह बात कही। इस सप्ताह की बैठकों में AI प्रमुख मुद्दों में शामिल रहा। IMF ने इससे पहले चेतावनी दी थी कि AI में निवेश की तेजी समाप्त होने, बढ़ते कर्ज और मध्य पूर्व में लंबे समय तक चलने वाले युद्ध से वैश्विक आर्थिक वृद्धि तथा वित्तीय स्थिरता को खतरा हो सकता है।
जॉर्जीवा ने कहा कि AI पहले से ही वैश्विक अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में योगदान दे रहा है, लेकिन यदि इससे उत्पादकता में अपेक्षित तेजी से सुधार नहीं हुआ, तो इसके नकारात्मक आर्थिक प्रभाव भी सामने आ सकते हैं। उन्होंने कहा, “यदि सुरक्षा उपाय नहीं होंगे, तो जोखिम अवसरों से अधिक हो सकते हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि हमें एक नैतिक आधार की जरूरत है और मुझे नहीं लगता कि एक समाज के रूप में हम अभी उस स्तर पर पहुंचे हैं।”
उन्होंने कहा कि AI का लाभ दुनिया भर के लोगों तक पहुंचाने के लिए कुछ बुनियादी शर्तें पूरी करनी होंगी। इनमें डिजिटल बुनियादी ढांचे तक पहुंच, बिजली की उपलब्धता और पर्याप्त नियामकीय व्यवस्था शामिल हैं।
जॉर्जीवा ने तेजी से बदलती AI तकनीक के लिए सुरक्षा नियम तैयार करने की चुनौती को समझाते हुए इसकी तुलना ऐसी फॉर्मूला-वन रेस से की, जिसमें कारें तेज गति से दौड़ रही हों, लेकिन दर्शकों की सुरक्षा के लिए कोई अवरोधक न हों। उनके अनुसार, तकनीक की तेजी को देखते हुए ऐसी व्यवस्था जरूरी है, जो नवाचार को बाधित किए बिना जोखिमों को नियंत्रित कर सके।
AI कंपनी एंथ्रोपिक के सह-संस्थापक जैक क्लार्क ने भी इस चर्चा में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि AI के लिए सामान्य समझ पर आधारित व्यावहारिक मानक तैयार करना संभव है। उनके मुताबिक, यूरोपीय संघ में शुरुआती नीतिगत ढांचे और अमेरिका में स्वैच्छिक प्रतिबद्धताओं के जरिए इस दिशा में काम शुरू हो चुका है।
क्लार्क ने बताया कि उनकी कंपनी अपने AI सिस्टम का नियमित परीक्षण करती है और परीक्षणों से जुड़ी जानकारी प्रकाशित करने के साथ साझा भी करती है। हालांकि, उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में मानकों का निर्धारण पूरी तरह स्वैच्छिक नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि AI विकसित करने वाले देशों को उचित नियमन लागू करना चाहिए, क्योंकि इससे तकनीक पर भरोसा बढ़ेगा और अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
जर्मनी के केंद्रीय बैंक बुंडेसबैंक के अध्यक्ष योआखिम नागेल ने एक अन्य चर्चा में कहा कि AI वैश्विक आर्थिक असंतुलन बढ़ा सकता है। उन्होंने कहा कि इस तकनीक के लिए हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर के विकास में बड़े निवेश की जरूरत होती है, जिससे देशों और अर्थव्यवस्थाओं के बीच अंतर बढ़ने की आशंका है।
हार्वर्ड के अर्थशास्त्री दानी रोड्रिक ने AI को दोधारी तलवार बताया। उन्होंने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि इस तकनीक से उत्पादकता में अपेक्षित वृद्धि वास्तव में होगी या नहीं। यदि ऐसा होता है, तो इससे कुछ क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर नौकरियां खत्म होने और कर्मचारियों के विस्थापन का खतरा हो सकता है। वहीं, यदि अपेक्षित लाभ नहीं मिले, तो डेटा सेंटरों में भारी निवेश के कारण वित्तीय बाजारों में बड़ा सुधार या नुकसान देखने को मिल सकता है।
अमेरिका में AI को लेकर इस्तेमाल किए जा रहे शब्दों पर भी चर्चा हुई। अमेरिकी वित्त विभाग की अधिकारी एरिन ब्राउन ने कहा कि IMF वैश्विक अर्थव्यवस्था के जोखिमों पर अधिक ध्यान दे रहा है और उसे AI जैसी तकनीक से मिलने वाले सकारात्मक आर्थिक अवसरों को भी महत्व देना चाहिए। उन्होंने बताया कि अमेरिकी सरकार अब AI के लिए ‘सुपर इंटेलिजेंस’ शब्द का इस्तेमाल कर रही है और इस नाम को संयुक्त बयान में शामिल करने के लिए अन्य IMF सदस्य देशों से बातचीत कर रही है।
हालांकि, जर्मनी के वित्त मंत्री लार्स क्लिंगबाइल ने कहा कि वह इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ही कहेंगे। वहीं, बैंक ऑफ इंग्लैंड के गवर्नर एंड्रयू बेली ने AI के परीक्षण मानकों पर देशों के बीच सहमति बनने की संभावनाओं को लेकर पहले की तुलना में अधिक आशावाद जताया। अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अध्यक्ष केविन वार्श ने भी मजाकिया अंदाज में कहा कि अमेरिका में अब इसे ‘SI’ यानी सुपर इंटेलिजेंस कहा जा रहा है।
-(इनपुटः रॉयटर्स)


