वैश्विक स्तर पर जारी अनिश्चितता के बीच मंगलवार को सोना और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। निवेशकों के सतर्क रुख और भू-राजनीतिक घटनाक्रमों के कारण दोनों कीमती धातुएं करीब 1 प्रतिशत तक कमजोर रहीं।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने का जून वायदा करीब 0.34 प्रतिशत या 528 रुपये गिरकर 1,53,415 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता दिखा। दिन के दौरान सोना 1,53,992 रुपये के उच्च स्तर तक पहुंचा था, लेकिन बाद में इसमें नरमी आ गई। वहीं, करीब 11:55 बजे सोना 358 रुपये या 0.23 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,53,585 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता नजर आया।
चांदी की बात करें तो मई वायदा करीब 0.92 प्रतिशत या 2,335 रुपये टूटकर 2,50,210 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया। इंट्रा-डे में चांदी 2,51,743 रुपये तक गई, लेकिन बाद में गिरावट के साथ 1,642 रुपये या 0.65 प्रतिशत की कमजोरी लेकर 2,50,903 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार करती दिखी।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी यही रुझान देखने को मिला। कॉमेक्स पर सोना 0.43 प्रतिशत गिरकर 4,807 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि चांदी 1.44 प्रतिशत टूटकर 78.885 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।
विशेषज्ञों के मुताबिक, अमेरिका-ईरान के बीच युद्धविराम और संभावित वार्ता को लेकर अनिश्चितता ने बाजार में सतर्कता बढ़ा दी है, जिससे सोने की कीमतों पर दबाव बना है। बाजार इस बात को लेकर असमंजस में है कि क्या युद्धविराम समाप्त होने से पहले कोई ठोस समझौता हो पाएगा या नहीं।
(इनपुट-आईएएनएस)


