Print

फेड फैसले से पहले सोना-चांदी में मजबूती

अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दर फैसले से पहले बुधवार को सोना और चांदी की कीमतों में मजबूती देखने को मिली, हालांकि दोनों कीमती धातुएं सीमित दायरे में कारोबार करती रहीं।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 5 जून डिलीवरी वाला सोना 693 रुपये या 0.46 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,50,720 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला, जबकि पिछले सत्र में यह 1,50,027 रुपये पर बंद हुआ था। हालांकि कारोबार के दौरान इसमें हल्की नरमी भी आई और सुबह करीब 11:30 बजे यह 56 रुपये या 0.04 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,49,971 रुपये पर ट्रेड करता दिखा।

कारोबारी सत्र के दौरान सोने ने 1,49,720 रुपये का निचला स्तर और 1,51,527 रुपये का उच्च स्तर छुआ, जो बाजार में जारी उतार-चढ़ाव को दर्शाता है।

वहीं, 3 जुलाई डिलीवरी वाली चांदी 826 रुपये या 0.34 प्रतिशत की बढ़त के साथ 2,43,589 रुपये प्रति किलोग्राम पर खुली, जबकि पिछले सत्र में यह 2,42,763 रुपये पर बंद हुई थी। खबर लिखे जाने तक चांदी 1,393 रुपये या 0.6 प्रतिशत की तेजी के साथ 2,38,738 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही थी। चांदी ने सत्र के दौरान 2,37,607 रुपये का निचला और 2,38,750 रुपये का उच्च स्तर दर्ज किया।

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी दोनों कीमती धातुओं में हल्की तेजी रही। कॉमेक्स पर सोना 0.19 प्रतिशत बढ़कर 4,616 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि चांदी 0.81 प्रतिशत की बढ़त के साथ 73.81 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करती दिखी।

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, MCX पर सोने के लिए 1,50,000 से 1,51,000 रुपये का स्तर अहम प्रतिरोध बना हुआ है। यदि कीमतें इस स्तर के ऊपर टिकती हैं, तो इसमें 1,52,000 से 1,53,000 रुपये तक तेजी देखने को मिल सकती है। वहीं, 1,49,000 रुपये के नीचे फिसलने पर मुनाफावसूली बढ़ सकती है। चांदी के लिए 2,44,000 से 2,46,000 रुपये का स्तर निकटतम प्रतिरोध माना जा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि कीमतें 2,43,000 रुपये से नीचे जाती हैं, तो इसमें और गिरावट आ सकती है, जबकि ऊपरी स्तर पार करने पर रिकवरी संभव है।

(इनपुट-आईएएनएस)