Print

MCX पर सोने में गिरावट, चांदी 3 हजार रुपये तक उछली

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और वैश्विक अनिश्चितता के बीच सोमवार को सोना और चांदी की कीमतों में मिला-जुला रुख देखने को मिला। जहां सोने की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई, वहीं चांदी तेजी के साथ कारोबार करती रही।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 5 जून डिलीवरी वाला सोना वायदा शुरुआती कारोबार में 43 रुपये की मामूली गिरावट के साथ 1,52,487 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला, जबकि पिछला बंद भाव 1,52,530 रुपये था। कारोबार के दौरान बिकवाली बढ़ने से सोने की कीमत 638 रुपये यानी 0.41 प्रतिशत टूटकर सुबह करीब 11 बजे 1,51,892 रुपये प्रति 10 ग्राम के इंट्राडे लो तक पहुंच गई। वहीं दिन का उच्चतम स्तर 1,54,434 रुपये रहा।

दूसरी ओर, 3 जुलाई डिलीवरी वाली चांदी वायदा में तेजी देखने को मिली। चांदी करीब 3,000 रुपये यानी 1.14 प्रतिशत उछलकर 2,64,922 रुपये प्रति किलोग्राम के इंट्राडे हाई तक पहुंच गई। खबर लिखे जाने तक चांदी 630 रुपये यानी 0.24 प्रतिशत की बढ़त के साथ 2,62,552 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही थी। दिन के दौरान इसका निचला स्तर 2,61,800 रुपये रहा।

कमोडिटी बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, सरकार की ओर से गैर-जरूरी सोने की खरीद से बचने की अपील ऐसे समय आई है जब कच्चे तेल की ऊंची कीमतें और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर अनिश्चितता भारत के आयात बिल और विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव बढ़ा रही है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को सिकंदराबाद में एक जनसभा को संबोधित करते हुए लोगों से अगले एक वर्ष तक गैर-जरूरी सोने की खरीद से बचने की अपील की थी, ताकि विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव कम किया जा सके।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में COMEX पर सोना 1 प्रतिशत से अधिक गिरकर 4,678 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी 0.04 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 80 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।

(इनपुट- आईएएनएस)