दिल्ली में यमुना नदी के जलस्तर को लेकर सरकार पूरी तरह तैयार : सीएम रेखा गुप्ता

हरियाणा के यमुनानगर स्थित हथिनीकुंड बैराज से 3 लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़े जाने के बाद दिल्ली में यमुना नदी के जलस्तर को लेकर चिंता बढ़ गई है। इस पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज सोमवार को कहा कि सरकार पूरी तरह तैयार है और जनता को परेशान होने की जरूरत नहीं है। उन्होंने बताया कि छोड़ा गया पानी दिल्ली पहुंचने में लगभग 72 घंटे लेगा और इसे निकालने के लिए सभी व्यवस्थाएं पहले से पूरी कर ली गईं हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले छह महीनों में यमुना की विशेष रूप से सफाई और डिसेल्टिंग का काम किया गया है। इसके कारण पानी के रुकने या ब्लॉकेज की संभावना नहीं है। उन्होंने बताया कि यमुना के फ्लडप्लेन में जरूर पानी पहुंचेगा क्योंकि वहां जगह है, हालांकि इससे दिल्ली के अन्य हिस्सों में कोई बाढ़ जैसी स्थिति नहीं बनेगी। सीएम ने स्पष्ट किया कि 3 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने से यमुना का जलस्तर 207 मीटर से थोड़ा ऊपर जा सकता है, लेकिन स्थिति खतरनाक नहीं होगी।

रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है और राहत-बचाव के लिए टीमें तैनात कर दी गई हैं। वहीं दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने भी सोशल मीडिया मंच एक्स पर लोगों को आश्वस्त किया। उन्होंने लिखा, “हथिनीकुंड से 3 लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़े जाने के कारण यमुना का जलस्तर बढ़ रहा है और आज रात तक यह खतरे के निशान को पार कर सकता है। लेकिन घबराने की कोई जरूरत नहीं है। दिल्ली सरकार पूरी तरह अलर्ट है, टीमें जमीनी स्तर पर तैनात हैं और हम हर नागरिक की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।” -(IANS)