Print

6G के लिए सरकार का बड़ा कदम, ₹203 करोड़ की योजना

सरकार ने 6G और स्वदेशी दूरसंचार तकनीकों को बढ़ावा देने के लिए ₹203 करोड़ की संशोधित TDIP (Technology Development and Investment Promotion) योजना लॉन्च की है।

इस योजना की घोषणा केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने की, जिनके साथ राज्य मंत्री चंद्रशेखर पेम्मासानी और दूरसंचार सचिव अमित अग्रवाल भी मौजूद रहे।

सरकार का लक्ष्य इस योजना के जरिए भारत को केवल तकनीक उपयोग करने वाला देश नहीं, बल्कि वैश्विक मानक तय करने वाला (global standard-setter) बनाना है।

नई TDIP योजना 2026–31 के दौरान लागू होगी और इसके तहत भारत के स्टार्टअप्स, MSMEs, अकादमिक संस्थान, रिसर्च संगठनों और टेलीकॉम कंपनियों को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भागीदारी के लिए वित्तीय सहायता दी जाएगी। इसमें International Telecommunication Union, 3GPP और oneM2M जैसे प्लेटफॉर्म शामिल हैं।

योजना के तहत भारतीय विशेषज्ञों को वैश्विक बैठकों में भाग लेने, तकनीकी प्रस्ताव प्रस्तुत करने, नेतृत्व भूमिका निभाने और भारत में अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम आयोजित करने के लिए सहयोग मिलेगा।

सरकार के अनुसार, यह पहल 5G Advanced और 6G जैसी अगली पीढ़ी की तकनीकों के विकास को तेज करेगी और भारत की भूमिका को वैश्विक दूरसंचार इकोसिस्टम में मजबूत बनाएगी।

इसके अलावा, TDIP योजना पायलट प्रोजेक्ट्स, प्रूफ-ऑफ-कॉन्सेप्ट और तकनीकी डेमो को भी समर्थन देगी, जिससे रिसर्च से लेकर बाजार तक तकनीक पहुंचाने की प्रक्रिया तेज होगी।

इस योजना का कार्यान्वयन Telecommunications Standards Development Society India, Telecom Centres of Excellence India और Telecommunications Consultants India Limited जैसी एजेंसियों के जरिए किया जाएगा।

यह योजना Bharat 6G Mission और Telecom Technology Development Fund जैसी पहलों के साथ मिलकर भारत को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी दूरसंचार शक्ति बनाने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।

-(इनपुटःएजेंसी)