प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज शुक्रवार को ग्रीस के प्रधानमंत्री किरियाकोस मित्सोटाकिस से फोन पर बाचचीत की। इस दौरान ग्रीस के प्रधानमंत्री ने पीएम मोदी को उनके जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। वहीं पीएम मोदी ने ग्रीस के प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह संदेश भारत-ग्रीस की मित्रता का प्रतीक है।
बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों की प्रगति की सराहना की और भारत-ग्रीस रणनीतिक साझेदारी को और अधिक मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई। दोनों नेताओं ने व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, शिपिंग, रक्षा, सुरक्षा, कनेक्टिविटी और जन-से-जन संबंधों जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग के सकारात्मक विकास पर संतोष व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री मिट्सोटाकिस ने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (India-EU FTA) को शीघ्र और पारस्परिक रूप से लाभकारी तरीके से संपन्न करने के लिए ग्रीस का मजबूत समर्थन भी व्यक्त किया। उन्होंने 2026 में भारत द्वारा आयोजित किए जाने वाले एआई इम्पैक्ट समिट की सफलता की कामना की और कहा कि ग्रीस इस पहल को क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर महत्वपूर्ण मानता है।
दोनों नेताओं ने इस बातचीत के दौरान क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी अपने विचार साझा किए और सहमति व्यक्त की कि वे भविष्य में भी आपस में निरंतर संपर्क बनाए रखेंगे। यह वार्ता भारत और ग्रीस के बीच बढ़ते विश्वास, सहयोग और साझा दृष्टिकोण को और गहरा करने वाली रही।-(PIB)


