जेवर एयरपोर्ट तक पहुंचेगी ग्रीन मोबिलिटी, 45 ई-बसों का शुभारंभ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गौतम बुद्ध नगर क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 45 इलेक्ट्रिक बसों और तीन हाइड्रोजन बसों को हरी झंडी दिखाई। ये बसें नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में संचालित होंगी तथा जेवर एयरपोर्ट तक बेहतर संपर्क उपलब्ध कराएंगी।

मुख्यमंत्री ने लखनऊ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नोएडा इलेक्ट्रिक बस डिपो का भी उद्घाटन किया।

यीडा क्षेत्र में तीन अत्याधुनिक ग्रीन हाइड्रोजन ईंधन आधारित बसों का संचालन शुरू किया गया है। ये बसें एनटीपीसी द्वारा उपलब्ध कराई गई हैं और जेवर एयरपोर्ट के आसपास के क्षेत्रों में चलेंगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश को ग्रीन मोबिलिटी और सतत विकास का विजन दिया है। इसी दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार आने वाले वर्षों में हर शहर और गांव को पेट्रोल-डीजल मुक्त हरित परिवहन सेवाओं से जोड़ने का काम करेगी।”

सरकार की योजना के अनुसार 15 जून तक 110 इलेक्ट्रिक बसें संचालित हो जाएंगी। आवश्यकता और जनता की मांग के आधार पर इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़ाकर 500 तक की जा सकती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स, डेटा सेंटर, स्टार्टअप और सेमीकंडक्टर उद्योगों के प्रमुख केंद्र बन चुके हैं। ऐसे में इलेक्ट्रिक बसें लास्ट माइल कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

उन्होंने कहा, “तीनों प्राधिकरणों में 110 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू होगा और मांग के अनुसार इनकी संख्या चरणबद्ध तरीके से 500 तक बढ़ाई जाएगी।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश खराब सड़कों, बिजली संकट, असुरक्षा और अव्यवस्था के लिए जाना जाता था, लेकिन पिछले नौ वर्षों में राज्य ने उल्लेखनीय परिवर्तन देखा है।

उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश के पास लगभग चार लाख किलोमीटर का सड़क नेटवर्क है और अंतरराज्यीय संपर्क देश के सर्वश्रेष्ठ नेटवर्क में शामिल है। इसी कारण राज्य अब ‘एक्सप्रेसवे स्टेट’ के रूप में पहचान बना चुका है।

हवाई संपर्क का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रयागराज एयरपोर्ट का निर्माण 11 महीनों में पूरा किया गया और देश का सबसे बड़ा हवाई अड्डा जेवर में विकसित किया जा रहा है।

योगी आदित्यनाथ ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश के सात शहरों में मेट्रो सेवा संचालित हो रही है, जबकि 17 नगर निगमों में 700 से अधिक इलेक्ट्रिक बसें चल रही हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि अब इलेक्ट्रिक बसों की खरीद दूसरे राज्यों से नहीं करनी पड़ रही है, क्योंकि उत्तर प्रदेश में स्थापित नई इकाइयों में ही इनका निर्माण किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “आज से यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में तीन हाइड्रोजन बसें भी शुरू की जा रही हैं। ये बसें वायु प्रदूषण कम करने और बच्चों, बुजुर्गों तथा मरीजों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।”

-(इनपुटःएजेंसी)