प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से चल रहे देशव्यापी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गुरुवार को गांधीनगर स्थित अपने आवास पर तिरंगा फहराया।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने छत पर फहराया तिरंगा
मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, भूपेंद्र पटेल ने अपने आवास की छत पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई। यह अभियान 9 से 17 अगस्त तक चल रहा है।
अभियान की थीम और लक्ष्य
इस वर्ष अभियान को देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस और राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ की 150वीं वर्षगांठ की थीम पर केंद्रित किया गया है। गुजरात में इस अभियान के अंतर्गत 70 लाख से अधिक घरों पर तिरंगा फहराए जाने का लक्ष्य रखा गया है।
पूरे राज्य में तिरंगा यात्राएं
भारत-पाकिस्तान सीमा के गांवों से लेकर बड़े शहरों तक, राज्य के सभी जिलों में लोगों की भारी भागीदारी के साथ तिरंगा यात्राएं आयोजित की जा रही हैं।
उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने तिरंगा यात्रा को दिखाई हरी झंडी
उधर, उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने अहमदाबाद के रायपुर से तिरंगा फहराया और तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाई। इस मौके पर उन्होंने कहा कि कश्मीर से कन्याकुमारी और गांवों से लेकर महानगरों तक आज पूरे देश में तिरंगा ही देशभक्ति का रंग है।
उन्होंने बहादुर सैनिकों का जिक्र करते हुए कहा कि हमारे जवान हर मौसम और कठिन परिस्थितियों में देश की रक्षा के लिए डटे रहते हैं। इन सैनिकों और उनके परिवारों के प्रति आभार व्यक्त करना हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने सभी से उनके साहस को सलाम करने और ‘भारत माता की जय’ के नारों के साथ देशभक्ति की भावना फैलाने का आह्वान किया।
जन-आंदोलन बना ‘हर घर तिरंगा’
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के विजन से प्रेरित ‘हर घर तिरंगा’ अभियान अब एक देशव्यापी जन-आंदोलन बन चुका है। गांवों से शहरों और बच्चों से बुजुर्गों तक लोग तिरंगा लेकर अपनी देशभक्ति का इजहार कर रहे हैं।
अहमदाबाद में भव्य तिरंगा यात्रा
अहमदाबाद म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन द्वारा आयोजित तिरंगा यात्रा में एक लाख से अधिक नागरिक शामिल हुए। यात्रा बिग बाजार-रायपुर से शुरू हुई। पूरा रास्ता तिरंगे के रंगों और देशभक्ति की थीम से सजाया गया था। हजारों युवा, महिलाएं और बुजुर्ग कई किलोमीटर तक तिरंगा लेकर चले।
उपमुख्यमंत्री ने नागरिकों से तिरंगे का सम्मान करने की अपील करते हुए कहा कि इसे हमेशा ऊंचा फहराना चाहिए और गलती से भी सड़क पर नहीं गिरने देना चाहिए। यात्रा के बाद तिरंगे को सही तरीके से मोड़कर सम्मान के साथ घर ले जाना और सुरक्षित रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। (इनपुट-एजेंसी)


