एशियन गेम्स 2026 में भारत के लॉन्ग-डिस्टेंस रनर गुलवीर सिंह ने एक और सिल्वर मेडल अपने नाम कर लिया है। 25 सितंबर को पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में दूसरा स्थान हासिल करने के बाद गुलवीर ने सोमवार को 1500 मीटर फाइनल में भी सिल्वर मेडल जीता। उन्होंने 3:36.72 के अपने पर्सनल बेस्ट समय के साथ दूसरा स्थान हासिल किया और जापान के काजुतो इजावा से महज 0.37 सेकंड पीछे रहे।
3:36.72 के पर्सनल बेस्ट समय के साथ जीता सिल्वर
उत्तर प्रदेश के अतरौली गांव के रहने वाले गुलवीर ने 1500 मीटर फाइनल में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 3:36.72 का समय निकालकर दूसरा स्थान हासिल किया। जापान के काजुतो इजावा ने 3:36.35 के एशियन गेम्स रिकॉर्ड समय के साथ गोल्ड मेडल जीता। इजावा गुलवीर से सिर्फ 0.37 सेकंड आगे रहे, जबकि जापान के नागिया मोरी ने 3:37.92 के समय के साथ ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।
एशियन गेम्स में गुलवीर का तीसरा मेडल
एशियन गेम्स में गुलवीर का यह तीसरा मेडल है। इससे पहले उन्होंने 2026 के पुरुषों की 10,000 मीटर फाइनल में सिल्वर मेडल जीता था। इससे पहले 2023 हांगझोऊ एशियन गेम्स में भी उन्होंने 10,000 मीटर में ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया था। गुलवीर पुरुषों की 10,000 मीटर स्पर्धा में दो एशियन गेम्स मेडल जीतने वाले पहले भारतीय बन चुके हैं।
अविनाश साबले 3000 मीटर स्टीपलचेज में चौथे स्थान पर
भारत के अविनाश साबले पुरुषों की 3000 मीटर स्टीपलचेज फाइनल में मेडल से चूक गए और चौथे स्थान पर रहे। साबले ने 8:21.67 का सीजन बेस्ट समय निकाला, लेकिन गोल्ड मेडल जीतने वाले जापान के र्युजी मिउरा से 4.31 सेकंड पीछे रहे। जापान के र्योमा आओकी ने 8:17.60 के समय के साथ सिल्वर मेडल जीता, जबकि कतर के जकारिया इलाहलामी ने 8:18.13 के समय के साथ ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।
यूनुस शाह नौवें स्थान पर रहे
पुरुषों की 1500 मीटर स्पर्धा में भारत के यूनुस शाह भी फाइनल में पहुंचे थे। हीट में यूनुस 3:45.77 के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहे थे, जबकि गुलवीर ने अपनी हीट में 3:45.79 का समय निकाला था। दोनों ने फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। हालांकि फाइनल में काफी देर तक अच्छी स्थिति में रहने के बावजूद यूनुस नौवें स्थान पर रहे। उन्होंने फाइनल में 3:43.88 का समय दर्ज किया। (इनपुट: आईएएनएस)


