‘हर घर तिरंगा’ अभियान की आज से शुरुआत, 13 अगस्त को सांसदों की बाइक रैली, तिरंगे के साथ यहां करें सेल्फी अपलोड

स्वतंत्रता दिवस समारोह के उपलक्ष्य में आज से हर घर तिरंगा अभियान शुरू हो गया। हर घर तिरंगा अभियान 9 अगस्त से 15 अगस्त तक पूरे देश में चलाया जाएगा, जिसका उद्देश्य नागरिकों में देशभक्ति की भावना को मजबूत करना है।

13 अगस्त को सांसदों और मंत्रियों की तिरंगा बाइक रैली
संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने लोगों को अपने घरों में तिरंगा फहराकर इसमें भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। इस साल, इस पहल में देश भर में 200 से अधिक सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इसके अलावा अभियान को और बढ़ावा देने के लिए 13 अगस्त को सांसदों और अन्य मंत्रियों की भागीदारी वाली तिरंगा बाइक रैली आयोजित की जाएगी। हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्रीय गौरव और एकता की नई भावना को बढ़ावा देना चाहता है।

 

तिरंगा के साथ यहां अपलोड करें सेल्फी
उन्होंने नागरिकों से अपने घरों में तिरंगा फहराने और झंडे के साथ एक सेल्फी क्लिक कर इसे harghartiranga.com पर अपलोड करने का आग्रह किया है। 2022 में आजादी का अमृत महोत्सव के तत्वावधान में यह अभियान शुरू किया था। तब 23 करोड़ से अधिक घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और 6 करोड़ लोगों ने ध्वज के साथ अपनी सेल्फी harghartiranga.com पर अपलोड की। 2023 में हर घर तिरंगा अभियान के तहत 10 करोड़ से अधिक सेल्फी अपलोड की गईं।

कई तरह के कार्यक्रम किए जाएंगे आयोजित
उन्होंने कहा कि सभी राज्य और केंद्रशासित प्रदेश इस अभियान में हिस्सा ले रहे हैं। प्रमुख उद्योग भागीदार ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म, रेलवे, नागरिक उड्डयन क्षेत्र, भारतीय सशस्त्र बल और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) भी सूचना के प्रसार और अभियान को बढ़ावा देने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। देशभर में स्वयं सहायता समूह बड़े पैमाने पर झंडे के उत्पादन और उपलब्धता में सक्रिय रूप से योगदान दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इस अभियान के दौरान तिरंगा दौड़, तिरंगा संगीत कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला प्रतियोगिता, तिरंगा के विकास पर प्रदर्शनी, फ्लैश मॉब और तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य आकर्षण संसद सदस्यों की विशेष तिरंगा बाइक रैली होगी। यह 13 अगस्त को सुबह 8 बजे दिल्ली में आयोजित की जाएगी। यह रैली भारत मंडपम, प्रगति मैदान, नई दिल्ली से शुरू होगी और इंडिया गेट से होते हुए मेजर ध्यानचंद स्टेडियम पर समाप्त होगी।

RELATED ARTICLES

2 hours ago | BRICS

भारत-वियतनाम रक्षा सहयोग को नई गति, मेड-इन-इंडिया सामग्री की आपूर्ति बढ़ाने पर जोर

विदेश मंत्री एस. जयशंकर और वियतनाम के विदेश मंत्री ले होआई ट्रुंग ने सोमवार को नई दिल्ली में भार...

2 hours ago | Atmanirbhar Bharat

पोखरण में पहले भारतीय वायु सेना ड्रोनाथॉन-2026 का शुभारंभ, 20 से अधिक कंपनियां ले रहीं हिस्सा

वायु सेना के उप प्रमुख एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित ने सोमवार को जैसलमेर स्थित पोखरण फील्ड फायरिं...