भारतीय महिला क्रिकेट टीम को अपनी कप्तानी में 2025 वनडे विश्व कप का चैंपियन बनाने वाली हरमनप्रीत कौर ने मंगलवार को सभी फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ने का ऐलान कर दिया। 37 वर्षीय हरमनप्रीत ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट के जरिए अपने फैसले की जानकारी दी। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि बतौर खिलाड़ी वह भारतीय टीम के लिए उपलब्ध रहेंगी। हरमनप्रीत ने यह फैसला उपकप्तान स्मृति मंधाना, हेड कोच अमोल मजूमदार और बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया के साथ बैठक के बाद लिया।
‘यह आसान फैसला नहीं था’
हरमनप्रीत ने इंस्टाग्राम पोस्ट में कहा कि सभी फॉर्मेट में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तानी छोड़ना आसान फैसला नहीं है। उन्होंने कहा कि इस जिम्मेदारी से जुड़ी वर्षों की यादें, भावनाएं, त्याग और ऐसे कई पल हैं, जो उनकी पूरी जिंदगी उनके साथ रहेंगे।
‘टीम के लिए अपना सब कुछ दिया’
हरमनप्रीत ने कहा कि उन्होंने भारतीय महिला क्रिकेट और टीम को अपना सब कुछ दिया। उन्होंने अपने समय, मेहनत और कई बार निजी महत्वाकांक्षाओं को भी टीम की जरूरतों के लिए पीछे रखा। उनके मुताबिक, कई मौकों पर निजी प्रदर्शन और अपने विकास से जुड़े फैसलों को एक तरफ रखना पड़ा, क्योंकि उनका मानना था कि टीम को हमेशा प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
मुश्किल फैसलों की भी रही जिम्मेदारी
हरमनप्रीत ने कहा कि कप्तान के रूप में उन्हें कई मुश्किल फैसले लेने पड़े, जो हमेशा आसान नहीं थे और कई बार उनकी व्यक्तिगत कीमत भी चुकानी पड़ी। उन्होंने कहा कि उनके हर फैसले का उद्देश्य टीम को बेहतर बनाना और खिलाड़ियों को आगे बढ़ने, खुद पर विश्वास करने तथा अपनी क्षमता के सर्वश्रेष्ठ स्तर तक पहुंचने का अवसर देना था।
हार से लेकर ऐतिहासिक जीत तक का सफर
हरमनप्रीत ने अपने कप्तानी कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने टीम के सबसे मुश्किल दौर, हार, निराशा और संदेह के क्षणों के साथ-साथ जीत, जश्न और देश का प्रतिनिधित्व करने के गौरव को भी महसूस किया। उन्होंने कहा कि आज वह भावनाओं से भरे दिल के साथ, लेकिन पूरी शांति के साथ कप्तानी छोड़ रही हैं।
‘मुझे विश्वास है कि टीम अच्छी जगह पर है’
हरमनप्रीत ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि भारतीय महिला टीम मजबूत स्थिति में है। उन्होंने टीम में प्रतिभा, चरित्र, विश्वास और भविष्य की संभावनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि वह इस टीम को आगे बढ़ते देखने और उसका हिस्सा बने रहने को लेकर उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि उन्होंने अपना फर्ज निभाया और गर्व के साथ जिम्मेदारी निभाई।
‘कप्तानी खत्म, सफर जारी’
हरमनप्रीत ने कहा कि अब उनके लिए नया अध्याय शुरू करने का समय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कप्तानी खत्म हो सकती है, लेकिन भारतीय क्रिकेट के लिए उनका प्यार कभी खत्म नहीं होगा। उन्होंने साथी खिलाड़ियों, कोच, सपोर्ट स्टाफ, प्रबंधन, बीसीसीआई, परिवार और प्रशंसकों का अच्छे-बुरे समय में साथ देने के लिए आभार जताया। उन्होंने अपने संदेश का समापन इस भाव के साथ किया कि अब वह फिर से खेल के प्रति अपने प्यार के लिए खेलने को तैयार हैं- कप्तानी खत्म, लेकिन सफर जारी है।
2016 में बनी थीं पूर्णकालिक कप्तान
हरमनप्रीत कौर ने 2012 में कार्यवाहक कप्तान के रूप में भारतीय टीम की कमान संभाली थी। इसके बाद 2016 में उन्हें पूर्णकालिक कप्तान बनाया गया। उनके नेतृत्व में भारतीय महिला टीम ने 2025 में अपना पहला आईसीसी खिताब वनडे विश्व कप के रूप में जीता।
एशिया कप, एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ में भी सफलता
हरमनप्रीत की कप्तानी में भारतीय महिला टीम ने एशिया कप में सफलता हासिल की और एशियन गेम्स में लगातार दो बार स्वर्ण पदक जीते। इसके अलावा टीम ने 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक हासिल किया। उनके नेतृत्व में भारतीय महिला क्रिकेट ने कई बड़े अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई।
तीनों फॉर्मेट में लंबे समय तक संभाली कमान
हरमनप्रीत ने भारतीय महिला टीम की तीनों फॉर्मेट में लंबे समय तक कप्तानी की। उन्होंने बतौर कप्तान भारत को पांच टेस्ट, 51 वनडे और 155 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में लीड किया। अब कप्तानी की जिम्मेदारी से हटने के बाद उनका पूरा ध्यान बतौर खिलाड़ी भारतीय क्रिकेट के लिए योगदान देने पर रहेगा।
स्मृति मंधाना हो सकती हैं अगली कप्तान
हरमनप्रीत कौर के कप्तानी छोड़ने के बाद उपकप्तान स्मृति मंधाना को तीनों फॉर्मेट में भारतीय महिला टीम की नई कप्तान बनाए जाने की संभावना है। हालांकि, कप्तान के नाम पर अंतिम फैसला भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की ओर से किया जाएगा। (इनपुट: आईएएनएस)


