हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को अंबाला जिले के नारायणगढ़ में 337 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को 325 अमृत सरोवर और 70 एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट (एएलएस) एम्बुलेंस समर्पित कीं। इन परियोजनाओं में 114 करोड़ रुपए की लागत वाली सात प्रमुख स्वास्थ्य परियोजनाएं और 223 करोड़ रुपए की लागत से विकसित 325 अमृत सरोवर शामिल हैं।
‘स्वस्थ, समृद्ध और विकसित हरियाणा’ की दिशा में बड़ा कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अवसर केवल नारायणगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे हरियाणा के लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि 337 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाएं ‘स्वस्थ, समृद्ध और विकसित हरियाणा’ के विजन को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
डॉक्टर्स डे पर स्वास्थ्यकर्मियों का किया सम्मान
कार्यक्रम से पहले ‘नेशनल डॉक्टर्स डे’ के अवसर पर मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों, नर्सों, पैरामेडिकल स्टाफ, आशा कार्यकर्ताओं और सभी स्वास्थ्यकर्मियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रख्यात चिकित्सक, स्वतंत्रता सेनानी और राजनेता डॉ. बिधान चंद्र रॉय को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि स्वस्थ नागरिक ही एक मजबूत राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत होते हैं।
स्वास्थ्य और आधारभूत ढांचे को मिलेगी मजबूती
सीएम नायब सिंह सैनी ने लगभग 32 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित 50 बिस्तरों वाले नए अस्पताल ब्लॉक का उद्घाटन किया, जिससे सिविल अस्पताल की क्षमता बढ़कर 100 बिस्तर हो गई है। इसके अलावा करीब 50 लाख रुपए की लागत से बने ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट का भी उद्घाटन किया गया। उन्होंने बताया कि यमुनानगर-पंचकूला राष्ट्रीय राजमार्ग-73 का निर्माण 1,112 करोड़ रुपए की लागत से किया गया है। बारागढ़ में सरकारी महिला कॉलेज, फतेहगढ़-राईवाली सड़क एवं पुल, नारायणगढ़ फोर-लेन सड़क, राईवाली सड़क और आधुनिक खेल स्टेडियम जैसी परियोजनाएं भी विकास कार्यों का हिस्सा हैं।
नए पॉलिटेक्निक और औद्योगिक विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य बजट में नारायणगढ़ के लिए नए सरकारी पॉलिटेक्निक संस्थान की घोषणा की गई है। उन्होंने बताया कि हरियाणा में 10 नई इंडस्ट्रियल मॉडल टाउनशिप (आईएमटी) विकसित की जा रही हैं, जिनमें आईएमटी अंबाला-नारायणगढ़ भी शामिल है। दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत लगभग 10 लाख महिलाओं को 1,415 करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता दी जा चुकी है, जिसके तहत पात्र महिलाओं को प्रति माह 2,100 रुपए मिलते हैं।
किसानों के लिए सरकार की योजनाओं का किया उल्लेख
सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है, जहां सभी 24 अधिसूचित फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर की जा रही है। अब तक 12 लाख किसानों के बैंक खातों में सीधे 1.80 लाख करोड़ रुपए हस्तांतरित किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े 11 वर्षों में किसानों को फसल नुकसान के मुआवजे और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 16,530 करोड़ रुपए दिए गए हैं, जबकि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में यह राशि 1,138 करोड़ रुपए थी।
नकली खाद-बीज पर सख्ती, बागवानी किसानों को भी लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में सरकार बनने के बाद पिछली सरकार की 269 करोड़ रुपए की लंबित मुआवजा देनदारियों का भुगतान किया गया। उन्होंने बताया कि नकली खाद, बीज और कीटनाशकों की बिक्री पर पांच साल तक की सजा का प्रावधान किया गया है। साथ ही 46 फसलों को मुख्यमंत्री बागवानी बीमा योजना के दायरे में लाया गया है, जिसके तहत अब तक 157 किसानों को 1.40 करोड़ रुपए की सहायता प्रदान की जा चुकी है। (इनपुट-आईएएनएस)


