Print

बंगाल में लगातार बारिश का कहर, आज से मौसम में कुछ सुधार की संभावना

पिछले दो दिनों से कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण यह स्थिति पैदा हुई है।

हालांकि गुरुवार से मौसम में कुछ सुधार की संभावना जताई गई है, लेकिन 8 सितंबर तक दक्षिण बंगाल के विभिन्न इलाकों में रुक-रुक कर बारिश जारी रहने की आशंका है। मौसम विभाग ने बुधवार के लिए पुरुलिया, पश्चिम बर्दवान और बीरभूम जिलों में भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की है।

वहीं, पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले में लगातार हो रही बारिश ने जानलेवा रूप ले लिया है। जिले में मंगलवार रात से बुधवार के बीच मिट्टी के दो मकान ढहने की अलग-अलग घटनाओं में एक बुजुर्ग दंपति समेत तीन लोगों की मौत हो गई।

जिला प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार, एक हादसा सोनामुखी में हुआ, जबकि दूसरा सिमलापाल क्षेत्र में सामने आया। सोनामुखी की घटना में एक महिला की जान गई, जबकि सिमलापाल में बुजुर्ग दंपति की मौत हो गई।

अधिकारियों ने बताया कि सोनामुखी थाना क्षेत्र के कुंडापुष्करिणी गांव में रहने वाली 76 वर्षीय बेली रुइदास मंगलवार रात अपने मिट्टी के मकान में मौजूद थीं। लगातार बारिश के कारण कमजोर हो चुकी दीवार अचानक ढह गई। खतरे के संकेत मिलने पर उनका बेटा और बहू घर से बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन बुजुर्ग महिला को समय पर नहीं बचाया जा सका और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

परिजनों का आरोप है कि उन्हें हाल ही में राज्य सरकार की आवास योजना के तहत नया घर बनाने के लिए 1.20 लाख रुपए मिले थे, लेकिन यह राशि निर्माण कार्य पूरा करने के लिए पर्याप्त नहीं थी। इसी वजह से परिवार को पुराने मिट्टी के मकान में ही रहना पड़ रहा था।

दूसरी घटना सिमलापाल ब्लॉक के कुश्तोरा गांव में हुई। यहां पालकू बास्के और सोमा बास्के नामक बुजुर्ग दंपति बुधवार तड़के अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान बारिश से कमजोर हुई मिट्टी की दीवार उनके मकान पर गिर गई।

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों को मलबे से निकालकर सिमलापाल ब्लॉक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

तीनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए बांकुड़ा सम्मिलानी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया है। (इनपुट-आईएएनएस)

 

RELATED ARTICLES

4 mins ago | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

पीएम मोदी ने लद्दाख में 3,350 करोड़ की 5 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लद्दाख में 3,350 करोड़...

31 mins ago | Auto sales

भारत में ऑटो बिक्री 18.2% बढ़कर 83.88 लाख यूनिट, सभी प्रमुख सेगमेंट की रिकॉर्ड बिक्री: SIAM

भारत में जुलाई-सितंबर 2026 के दौरान प्रमुख वाहन श्रेणियों की घरेलू बिक्री सालाना आधार पर 18.2 प्रतिश...