Print

ग्लोबल तनाव के बावजूद भारतीय ऑटो सेक्टर में ‘हेल्दी ग्रोथ’ का अनुमान

वैश्विक भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के बावजूद भारत का ऑटो रिटेल सेक्टर चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल–जून) में सकारात्मक वृद्धि दर्ज कर सकता है। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (FADA) की ताजा रिपोर्ट में यह अनुमान जताया गया है।

रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर भारत में शादी का सीजन, रबी फसल के बाद बढ़ी ग्रामीण आय और जीएसटी 2.0 से आई वहनीयता का लाभ इस अवधि में मांग को समर्थन देगा। FADA के सर्वे में 49.81 प्रतिशत डीलर्स ने वृद्धि की उम्मीद जताई है, जबकि 40.52 प्रतिशत ने स्थिर प्रदर्शन और 9.67 प्रतिशत ने गिरावट की आशंका व्यक्त की है। यह संकेत देता है कि चुनौतियों के बावजूद मांग की बुनियाद मजबूत बनी हुई है।

पूरे वित्त वर्ष 2026-27 (FY27) के लिए डीलर्स का भरोसा और मजबूत दिखता है। करीब 74.72 प्रतिशत डीलर्स ने वृद्धि की उम्मीद जताई है, जिसमें अधिकांश 3 से 7 प्रतिशत के बीच ग्रोथ का अनुमान लगा रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, डीलर समुदाय मौजूदा अनिश्चितता को अस्थायी मानता है और भारत की मध्यम अवधि की मांग को स्थिर मान रहा है।

अप्रैल–जून तिमाही में मांग को प्रभावित करने वाले प्रमुख सकारात्मक कारकों में शादी का सीजन, नए मॉडल लॉन्च खासकर पैसेंजर व्हीकल और टू-व्हीलर सेगमेंट में और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर नकदी प्रवाह शामिल हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) द्वारा सामान्य या सामान्य से थोड़ा कम तापमान का पूर्वानुमान भी कृषि और परिवहन मांग के लिए सहायक माना जा रहा है।

हालांकि, कुछ जोखिम भी बने हुए हैं। सर्वे में 40.5 प्रतिशत डीलर्स ने आर्थिक सुस्ती और उपभोक्ता भावना में गिरावट को सबसे बड़ा खतरा बताया। वहीं 30.5 प्रतिशत डीलर्स ने वेस्ट एशिया संकट के चलते सप्लाई चेन में व्यवधान और मॉडल की उपलब्धता को लेकर चिंता जताई है।

रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि 56.9 प्रतिशत डीलर्स के अनुसार इलेक्ट्रिक (EV) और सीएनजी वाहनों में बढ़ती रुचि एक महत्वपूर्ण संरचनात्मक बदलाव का संकेत है।

कुल मिलाकर, FADA का अनुमान है कि FY27 की पहली तिमाही में ऑटो सेक्टर “मध्यम लेकिन स्वस्थ वृद्धि” दर्ज करेगा और यह सेक्टर पिछले वित्त वर्ष की तेज रफ्तार के बाद सामान्य स्थिति की ओर बढ़ेगा।

(इनपुट -एजेंसी)