Print

राजस्थान के कई हिस्सों में हीटवेव और वार्म नाइट्स की चेतावनी

राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर लगातार बना हुआ है, वहीं दूसरी ओर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के कई इलाकों में सोमवार को बारिश और आंधी देखने को मिली। मौसम विभाग ने चूरू, अलवर, डीग, भरतपुर, झुंझुनूं समेत कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

सोमवार सुबह हनुमानगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह करीब 6:30 बजे बादल छाने लगे और 6:45 बजे से रुक-रुक कर बारिश शुरू हुई। करीब एक घंटे तक चली बारिश के साथ तेज हवाएं भी चलीं, जिससे लोगों को कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से राहत मिली।

मौसम विभाग के अनुसार 11 और 12 मई को बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र और जयपुर व भरतपुर संभाग के उत्तरी इलाकों में कहीं-कहीं धूलभरी आंधी और हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि आने वाले दिनों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की संभावना भी जताई गई है। पश्चिमी राजस्थान में हीटवेव की स्थिति और गंभीर हो सकती है। मौसम विभाग ने अगले 5 से 6 दिनों तक “वार्म नाइट्स” यानी रात के समय भी अत्यधिक गर्मी बने रहने की आशंका जताई है।

रविवार को बाड़मेर राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा जैसलमेर में 46.3 डिग्री, फलोदी में 46 डिग्री, जोधपुर में 44.6 डिग्री और बीकानेर में 44.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

बाड़मेर, बालोतरा, फलोदी, जैसलमेर और जोधपुर में गर्मी का असर इतना ज्यादा रहा कि दिन में सड़कें और बाजार लगभग सुनसान नजर आए।
मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि सोमवार से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। इसके प्रभाव से जयपुर और भरतपुर संभाग में तेज हवाएं, धूलभरी आंधी, बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना है। हालांकि पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर संभाग और दक्षिणी राजस्थान के उदयपुर संभाग में हीटवेव जारी रहेगी।

अजमेर  में रविवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में तापमान में 1 से 2 डिग्री की और बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि दोपहर के समय धूलभरी आंधी और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

सीकर में पिछले तीन दिनों से तापमान लगातार बढ़ रहा है और गर्म हवाओं के साथ तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है। मौसम विभाग ने यहां अगले तीन दिनों तक शुष्क मौसम बने रहने की संभावना जताई है।

वहीं अलवर में रविवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां अगले दो दिनों के लिए बारिश, आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। कोटा में रविवार को अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिक नमी और धीमी हवाओं के कारण लोगों को उमस और गर्मी से काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। 

(इनपुट-आईएएनएस)