गुजरात, राजस्थान और पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली में छाए रहेंगे बादल : आईएमडी

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज सोमवार को चेतावनी दी है कि दक्षिण-पूर्व पाकिस्तान और उससे लगे राजस्थान पर बने गहरे दबाव के कारण गुजरात और राजस्थान में भारी बारिश हो रही है। विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और उत्तरी गुजरात में सोमवार को भी भारी वर्षा जारी रहने की आशंका है। वहीं, सौराष्ट्र और कच्छ के कुछ हिस्सों में अत्यधिक भारी बारिश (30 सेंटीमीटर से अधिक) दर्ज हो सकती है। हालांकि, आने वाले दिनों में बारिश की तीव्रता धीरे-धीरे कम होने की उम्मीद है।

आईएमडी के मुताबिक, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 8 से 10 सितंबर तक भारी बारिश हो सकती है। नागालैंड और मणिपुर में 11 और 12 सितंबर को तेज बारिश की संभावना जताई गई है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 12 से 14 सितंबर के बीच भारी वर्षा का पूर्वानुमान है। ओडिशा में भी 11 और 12 सितंबर को फिर से बारिश शुरू होने की आशंका है।

बता दें कि पिछले 24 घंटों में गुजरात के कुछ हिस्सों में 30 सेंटीमीटर से ज्यादा की बारिश दर्ज की गई है। वहीं, पूर्वी राजस्थान में 21 सेंटीमीटर से अधिक वर्षा हुई। पश्चिमी राजस्थान, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और ओडिशा में 12 से 20 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा पंजाब, छत्तीसगढ़, असम, नागालैंड, बिहार, तटीय आंध्र प्रदेश, कोंकण, मध्य महाराष्ट्र और तमिलनाडु में भी भारी वर्षा देखी गई।

वहीं दिल्ली-एनसीआर में 8 से 11 सितंबर तक आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा। इस दौरान हल्की बारिश और गर्जना के साथ छींटे पड़ सकते हैं। सोमवार को दोपहर या शाम को हल्की बौछारें संभव हैं। अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है, जो सामान्य से 1 से 3 डिग्री अधिक होगा।