तमिलनाडु में अगले चार दिनों तक भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी

तमिलनाडु में अगले चार दिनों तक लगातार बारिश और आंधी की स्थिति रहने की आशंका है। चेन्नई स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी) ने बताया कि दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर बने कम दबाव के कारण राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि 21 अक्टूबर तक यह प्रणाली और मजबूत होकर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगी और तमिलनाडु तट के पास पहुंच सकती है।

रविवार को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कई हिस्सों में गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, कोयंबटूर जिले के पहाड़ी क्षेत्रों, नीलगिरी, इरोड, तिरुप्पुर, थेनी, तेनकासी, तिरुनेलवेली और कन्याकुमारी जिलों में एक या दो स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है।

सोमवार यानी 20 अक्टूबर को चेंगलपट्टू, विल्लुपुरम, कुड्डालोर, मयिलादुथुराई, नागपट्टिनम, तिरुवरूर, तंजावुर, पुदुकोट्टई, रामनाथपुरम, कल्लाकुरिची, कोयंबटूर और इरोड जिलों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मदुरै, डिंडीगुल, विरुधुनगर, पुडुचेरी और कराईकल में भी मध्यम वर्षा हो सकती है।

21 अक्टूबर को विल्लुपुरम, चेंगलपट्टू, कुड्डालोर, मयिलादुथुराई, नागपट्टिनम और पुदुचेरी-कराईकल के कुछ इलाकों में भारी वर्षा की आशंका है। वहीं, 22 अक्टूबर को उत्तरी तटीय तमिलनाडु के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इस दिन तिरुवल्लुर, चेन्नई, चेंगलपट्टू, कांचीपुरम, विल्लुपुरम और रानीपेट जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। इसके अलावा कुड्डालोर, कल्लाकुरिची, तिरुवन्नामलाई, तिरुपत्तूर और वेल्लोर में भी भारी बारिश का अनुमान है।

चेन्नई में आसमान आमतौर पर बादलों से घिरा रहेगा। कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और बिजली चमकने की संभावना है। तापमान अधिकतम 28-29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25-26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी दी है क्योंकि बंगाल की खाड़ी में समुद्री स्थिति खराब रहने की आशंका है।-(IANS)