भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली समेत पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के लिए आज गुरुवार को येलो अलर्ट जारी किया है। दिनभर आसमान में घने बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं का दौर चलने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आर्द्रता 80 से 95 प्रतिशत तक बनी रहेगी, जिससे उमस भरा मौसम रहेगा। हालांकि, बारिश और तेज हवाओं से गर्मी से काफी राहत मिलने की उम्मीद है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर गरज-चमक के दौरान खुले में न निकलें, पेड़ों के नीचे खड़े न हों और वाहन चलाते समय जलभराव वाले इलाकों से बचें।
आगे का पूर्वानुमान:
– 31 जुलाई: अधिकतम 34°C, न्यूनतम 26°C। बादल छाए रहेंगे, हल्की बारिश संभव। कोई अलर्ट नहीं।
– 1 अगस्त: अधिकतम 33°C, न्यूनतम 25°C। हल्की बारिश और बादल छाए रहेंगे।
– 2 से 4 अगस्त: तापमान 33/24-25°C के आसपास रहेगा। पूरे क्षेत्र में मानसून सक्रिय रहेगा और हल्की-मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 30 जुलाई से 4 अगस्त तक दिल्ली-एनसीआर में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। आज का दिन सबसे ज्यादा सक्रिय रहने वाला है, जबकि अगले दिनों में बारिश की तीव्रता कम होकर हल्की रहेगी। (इनपुट-एजेंसी)


