दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश से मौसम सुहावना, तापमान में आई गिरावट

दिल्ली-एनसीआर में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। सोमवार रात और मंगलवार दोपहर के बाद हुई झमाझम बारिश से उमस और गर्मी से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली है। आसमान में घने बादल छाने और ठंडी हवाएं चलने से पूरे क्षेत्र में ठंडक और ताजगी का माहौल बन गया है। आज मंगलवार दोपहर को नोएडा और आसपास के इलाकों में फिर से तेज बारिश हुई। आसमान में काले बादलों से अंधेरा छा गया, जिसके बाद तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। लगातार हो रही बारिश और हवाओं की ठंडक ने लोगों को लंबे समय बाद सुहावने मौसम का एहसास कराया है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश का यह दौर कुछ और दिनों तक जारी रह सकता है। बुधवार को भी हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, हालांकि अभी किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है। बारिश के चलते वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) में भी बड़ा सुधार हुआ है। हवा में मौजूद धूल और प्रदूषक तत्व धुल जाने से एनसीआर की वायु गुणवत्ता ‘अति उत्तम’ श्रेणी में पहुंच गई है। इससे लोगों को साफ और शुद्ध हवा मिल रही है।

मौसम विभाग के मुताबिक 7 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद थी, जबकि ह्यूमिडिटी 98 प्रतिशत से घटकर 70 प्रतिशत के बीच रहने की संभावना जताई गई थी। विभाग ने बारिश और गरज-चमक की भी संभावना बताई थी। आने वाले दिनों में 8 और 9 अक्टूबर को तापमान में मामूली वृद्धि हो सकती है और अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं, 10 से 12 अक्टूबर के बीच मौसम शुष्क रहने की संभावना है, और इस दौरान तापमान लगभग 33 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। हालांकि, अभी के लिए बारिश ने पूरे क्षेत्र को तरबतर कर मौसम को खुशनुमा बना दिया है।

सुबह और शाम की हल्की ठंडक ने लोगों के चेहरों पर मुस्कान ला दी है। पार्कों और सड़कों पर टहलने वालों की संख्या बढ़ गई है, जबकि बच्चों ने भी बारिश का लुत्फ उठाया। पर्यावरण विशेषज्ञों के अनुसार, ऐसी बारिश न केवल राहत देती है बल्कि वायु गुणवत्ता को बेहतर बनाकर लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद होती है। मौसम विभाग ने बताया कि फिलहाल एनसीआर के मौसम में किसी बड़े परिवर्तन की संभावना नहीं है। विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक मौसम इसी तरह सुहावना और आरामदायक बना रहेगा। -(IANS)

RELATED ARTICLES

06/09/26 | 12:33 pm | Delhi NCR Rain

दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश का दौर जारी, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

दिल्ली-एनसीआर में रविवार सुबह से ही बारिश हो रही है। नोएडा समेत कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज क...

31/08/26 | 9:51 am | Delhi NCR Rain

एनसीआर में फिर बदला मौसम का मिजाज, आज-कल बारिश के आसार; गिरेगा तापमान

मानसून की विदाई का दौर शुरू होने के साथ ही एक बार फिर एनसीआर के मौसम का मिजाज बदलता दिखाई दे रहा ह...