Print

दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश से मौसम सुहाना, जलभराव और ट्रैफिक जाम से बढ़ी परेशानी

दिल्ली-एनसीआर में आज बुधवार को झमाझम बारिश हुई, जिससे एक ओर गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली तो दूसरी तरफ ट्रैफिक जाम और जलभराव की समस्या ने मुश्किलें बढ़ा दीं। मौसम विभाग (आईएमडी) ने बीते मंगलवार को ही येलो अलर्ट जारी किया था।

बारिश से शहर की हवा ठंडी हो गई और सड़कों की धूल साफ हो गई, लेकिन साथ ही कई इलाकों में जलभराव हो गया जिससे दफ्तर आने-जाने वालों को भारी दिक्कत झेलनी पड़ी। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक गाजियाबाद के एक निवासी ने बताया, “आमतौर पर मुझे नोएडा दफ्तर पहुंचने में 40 मिनट लगते हैं, लेकिन आज लगभग दो घंटे तक जाम में फंसा रहा।” दक्षिण दिल्ली से नोएडा आने वाले एक अन्य यात्री ने कहा कि आसमान साफ देखकर निकले थे, लेकिन बीच रास्ते में ही बारिश शुरू हो गई और वे पूरी तरह भीग गए।

वहीं आईएमडी के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में अगले एक हफ्ते तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। 4 और 5 सितंबर को भी इसी तरह का मौसम रहेगा। 6 और 7 सितंबर को गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है, जबकि 8 सितंबर को आसमान में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान न्यूनतम तापमान 23-24 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 32-34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।

बारिश का सबसे सकारात्मक असर राजधानी की हवा की गुणवत्ता पर पड़ा। बारिश ने प्रदूषण और धूल को धो दिया, जिससे दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) “अच्छे” से “बहुत अच्छे” स्तर पर पहुंच गया। आयानगर में AQI 37, बवाना में 39, मुंडका में 35 और नरेला में 44 दर्ज हुआ। वहीं कुछ इलाके जैसे जहांगीरपुरी (AQI 108) और नॉर्थ कैंपस (AQI 197) “मध्यम” से “खराब” श्रेणी में रहे। नोएडा के कई सेक्टरों में AQI 47-48 रहा, जिसे “अच्छा” श्रेणी में रखा गया।

तेज बारिश से दिल्ली का अधिकतम तापमान गिरकर 33-34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23-24 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। इस तरह जहां मौसम सुहाना हो गया है, वहीं ट्रैफिक जाम और जलभराव से लोगों की मुश्किलें बढ़ी हुई हैं।-(ANI)