अगले 2 दिनों तक पूर्वोत्तर राज्यों में भारी से बहुत भारी वर्षा जारी रहने की संभावना : आईएमडी

देश के पूर्वोत्तर राज्यों के कई हिस्सों में भारी बारिश जारी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि अगले दो दिनों तक इन राज्यों में भारी से बहुत भारी वर्षा जारी रहने की संभावना है। वहीं, अगले 3 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में आंधी और तेज/तूफ़ानी हवाओं के साथ वर्षा जारी रहने की संभावना है।

पिछले 24 घंटों के दौरान मिजोरम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड और मणिपुर में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गईं। आईएमडी ने अगले 7 दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत में अधिकांश स्थानों पर हल्की/मध्यम वर्षा जारी रहने की संभावना जताई है, वहीं, 2 और 3 जून को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा तथा उसके बाद के 2 दिनों में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है।

गुवाहाटी स्थित भारतीय मौसम विभाग के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी) ने कहा है कि असम के अधिकांश स्थानों पर मध्यम वर्षा होने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा का अनुमान है। आपको बता दें असम में बाढ़ की स्थिति सोमवार को भी गंभीर बनी रही और राज्य के कई हिस्सों में जलस्तर बढ़ गया।

इसके अलावा आइजोल जिले में पिछले कुछ दिनों में हुई मूसलाधार बारिश के कारण जिले के विभिन्न स्थानों पर मिट्टी का बहाव, भूस्खलन, चट्टानें गिरने और अन्य आपदाएँ हुईं इसलिए आइजोल जिला प्रशासन ने जिले के सभी स्कूल प्रमुखों को निर्देश दिया कि वे 2 जून (सोमवार) को अपने संबंधित स्कूल बंद रखें।

वहीं, मणिपुर में भी भारी बारिश के कारण कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है।

रविवार को गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर एक पोस्ट में भारी बारिश से प्रभावित पूर्वोत्तर राज्यों को सहायता देने की बात कही। उन्होंने लिखा, “असम, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्रियों और मणिपुर के राज्यपाल से उनके राज्यों में जारी भारी बारिश के मद्देनजर बात की। साथ ही उन्हें किसी भी स्थिति से निपटने के लिए हर संभव मदद का आश्वासन दिया। मोदी सरकार पूर्वोत्तर के लोगों के समर्थन में चट्टान की तरह खड़ी है।”

उत्तर-पश्चिम भारत के मौसम की बात की जाए तो, 2 से 3 जून के दौरान जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में कई/कुछ स्थानों पर हल्की/मध्यम वर्षा, गरज के साथ बारिश, बिजली गिरने और 40-50 किमी प्रति घंटे की गति से तेज़ हवाएं चलने की संभावना है। इसके अलावा सोमवार को उत्तर प्रदेश और राजस्थान में कुछ स्थानों पर छिटपुट, हल्की/मध्यम वर्षा की संभावना है। 2 से 5 जून के दौरान पश्चिमी राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर धूल भरी आंधी चलने की भी संभावना है।