हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने सोमवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। राज्यपाल पद संभालने के बाद यह उनकी प्रधानमंत्री के साथ पहली आधिकारिक बैठक थी, जिसमें प्रदेश के विकास और जनकल्याण से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।
ड्रग-फ्री और टीबी-फ्री अभियान पर जोर
बैठक के दौरान राज्यपाल ने हिमाचल प्रदेश में चल रही प्रमुख पहलों की जानकारी दी। उन्होंने ड्रग-फ्री हिमाचल और टीबी-फ्री हिमाचल अभियान का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए कहा कि ये कार्यक्रम सार्वजनिक स्वास्थ्य सुधार और सामाजिक कल्याण को मजबूत कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इन अभियानों के जरिए नशामुक्त समाज बनाने और टीबी जैसी गंभीर बीमारी से मुक्ति के लिए व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे लोगों के जीवन स्तर में सुधार हो रहा है।
प्राकृतिक खेती को बढ़ावा
राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने कहा कि हिमाचल प्रदेश प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। किसान और बागवान धीरे-धीरे रासायनिक खेती से हटकर केमिकल-फ्री खेती की ओर बढ़ रहे हैं।
उन्होंने इस पहल को पर्यावरण संरक्षण के लिए अहम बताते हुए कहा कि इससे किसानों की आय में दीर्घकालिक सुधार होगा और यह राज्य के लिए एक स्थायी विकास मॉडल साबित हो सकता है।
केंद्र से सहयोग और समन्वय की अपेक्षा
राज्यपाल ने इन योजनाओं को और गति देने के लिए केंद्र सरकार से निरंतर सहयोग और मार्गदर्शन की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय से ही समग्र विकास और जनकल्याण सुनिश्चित किया जा सकता है।
उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से हिमाचल प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित करेगा और राज्य में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं तथा किसानों की समृद्धि सुनिश्चित होगी। (इनपुट: आईएएनएस)


