सोमवार को आइची-नागोया में एशियन गेम्स 2026 के पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत इवेंट में भारतीय शूटरों ने शानदार प्रदर्शन किया। हिमांशु ढिल्लों ने सिल्वर और रुद्राक्ष पाटिल ने ब्रॉन्ज मेडल जीता, जबकि चीन के शेंग लिहाओ ने कड़े मुकाबले में गोल्ड मेडल अपने नाम किया।इस नतीजे से भारत को एक ही इवेंट में दो मेडल मिले और दोनों भारतीय शूटर पोडियम पर पहुंचे।
फ़ाइनल में रोमांचक स्कोरिंग और भारतीय जोड़ी का संघर्ष
रुद्राक्ष पाटिल ने शानदार शुरुआत की। पहली सीरीज के बाद 52.8 स्कोर के साथ वे आगे रहे। दूसरी सीरीज में 53.2 का बेहतरीन स्कोर करके उन्होंने अपनी बढ़त बढ़ाई और टॉप पर 1.1 पॉइंट की लीड बना ली। हिमांशु भी मेडल की दौड़ में मजबूती से बने रहे और कुछ समय के लिए दूसरे स्थान पर आ गए।12 शॉट्स के बाद रुद्राक्ष 127.4 के स्कोर के साथ अग्रणी थे। उनके पीछे हिमांशु 126.6 और शेंग 126.3 पर थे। मुकाबला बीच के चरणों में बेहद कड़ा रहा। 16 शॉट्स के बाद शेंग 168.8 के स्कोर के साथ बढ़त पर आ गए, जबकि रुद्राक्ष और हिमांशु 168.6 पर बराबरी पर थे।
हिमांशु ने शानदार 10.9 का स्कोर करके रुद्राक्ष से 0.1 पॉइंट की दूरी बना ली, लेकिन अगले शॉट में 9.8 आने से वे तीसरे स्थान पर खिसक गए। उन्होंने 10.6 के स्कोर के साथ वापसी की और मेडल रेस में बने रहे।20 शॉट्स के बाद शेंग ने अपनी बढ़त एक पॉइंट तक बढ़ा ली। रुद्राक्ष 210.6 के साथ दूसरे और हिमांशु 210.0 के साथ तीसरे स्थान पर थे। फ़ाइनल चरणों में रोमांच और बढ़ा। 22 शॉट्स के बाद रुद्राक्ष 230.9 के स्कोर के साथ बाहर हो गए, जो हिमांशु के 231.0 से सिर्फ 0.1 पॉइंट कम था। उनके आखिरी शॉट का 9.7 स्कोर महंगा साबित हुआ और उन्हें ब्रॉन्ज़ मेडल से संतोष करना पड़ा।
इसके बाद हिमांशु का सामना गोल्ड के लिए शेंग से हुआ। दोनों ने आखिरी शॉट्स में 10.6 का स्कोर किया, लेकिन शेंग 233.0 के स्कोर के साथ गोल्ड जीत गए। हिमांशु 231.0 के स्कोर के साथ सिल्वर मेडल हासिल करने में सफल रहे।
टीम इवेंट में भी सिल्वर, शूटिंग में मेडल सिलसिला जारी
इसी दिन रुद्राक्ष पाटिल, पार्थ माने और हिमांशु ढिल्लों की तिकड़ी ने पुरुषों के 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में भी सिल्वर मेडल जीता। टीम इंडिया ने 1890.1 के स्कोर के साथ रजत पदक हासिल किया, जबकि चीन 1899.0 के स्कोर से स्वर्ण पर रहा। ब्रॉन्ज़ मेडल दक्षिण कोरिया (1841.4) को मिला। यह एशियन गेम्स 2026 में भारत का तीसरा सिल्वर मेडल है और तीनों शूटिंग से ही आए हैं। क्वालिफाइंग में रुद्राक्ष तीसरे और हिमांशु सातवें स्थान पर रहे, जबकि पार्थ माने 11वें स्थान पर रहे।
अन्य खेलों में भारत का मिला-जुला प्रदर्शन
सॉफ्ट टेनिस में आध्या तिवारी और जय मीणा ने मिक्स्ड डबल्स ग्रुप B में अच्छी शुरुआत की। उन्होंने कंबोडिया के विवा चाओ और चनरोसेका खुन को 5-0 से हराया। मंगोलिया के बुड न्यामदोरज और एंखखुस्लेन गनबातर पर भी जीत दर्ज की। दक्षिण कोरिया के किम येओन-ह्वा और जैक्यू पार्क के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा, लेकिन ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहकर वे राउंड ऑफ 16 में पहुंच गए। तैराकी में श्रीहरि नटराज पुरुषों के 50 मीटर बैकस्ट्रोक फाइनल में पहुंचे, जबकि ऋषभ दास को रिजर्व चुना गया। मणि आकाश और जितेश शाह पुरुषों की 50 मीटर फ्रीस्टाइल फाइनल में जगह नहीं बना सके। धनुष सुरेश भी पुरुषों की 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक फ़ाइनल से चूक गए।वूशू में न्येमन वांगसू महिलाओं के चांगक्वान फ़ाइनल में 15वें स्थान पर रहीं। टेबल टेनिस में भारत ने महिलाओं की टीम के ग्रुप F मैच में पाकिस्तान को 3-0 से हराया।एशियन गेम्स 2026 में भारतीय शूटरों का यह डबल मेडल प्रदर्शन टीम के लिए बड़ा उत्साह बढ़ाने वाला साबित हुआ है। (इनपुट-एजेंसी)


