सोमनाथ अमृत महोत्सव में IAF का शानदार प्रदर्शन: सूर्यकिरण ने दिखाए हवाई करतब, चेतक हेलीकॉप्टर ने बरसाए फूल

भारतीय वायु सेना की प्रतिष्ठित सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम (SKAT) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में सोमनाथ मंदिर के ऊपर शानदार हवाई करतब दिखाकर सोमनाथ अमृत महोत्सव को यादगार बना दिया। सोमवार को मंदिर परिसर के ऊपर छह Hawk Mk-132 जेट विमानों ने सटीक फॉरमेशन में उड़ान भरी और आसमान में केसरिया, सफेद और हरे रंग के धुएं की लकीरें छोड़कर तिरंगे का खूबसूरत नजारा पेश किया। 

https://x.com/narendramodi/status/2053760373476716852?s=20

प्रदर्शन की खास बात

इस प्रदर्शन की खास बात स्वदेशी रंगीन धुआं पॉड्स थे, जो नासिक के बेस रिपेयर डिपो में भारतीय वायु सेना द्वारा तैयार किए गए थे। प्रदर्शन के दौरान भारतीय वायु सेना के चेतक हेलीकॉप्टर ने मंदिर परिसर में फूलों की वर्षा भी की, जिससे पूरा समारोह और भक्तिमय हो गया।

PM मोदी ने लिया अनुष्ठानों में भाग

यह हवाई शो उस समय हुआ जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमनाथ मंदिर में कुंभाभिषेक, ध्वज पूजा और महापूजा जैसे विशेष धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल हो रहे थे। मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में इस भव्य प्रदर्शन को देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

अधिकारियों के अनुसार, विमान जामनगर एयरबेस से उड़े और करीब 18 मिनट में सोमनाथ पहुंच गए। 15 मिनट तक चले इस हवाई प्रदर्शन में पायलटों ने बेहद कम दूरी पर उड़ान भरते हुए अपनी महारत का लोहा मनवाया।

सूर्यकिरण टीम की उपलब्धियां

1996 में गठित सूर्यकिरण टीम देश की सबसे अनुभवी एरोबैटिक टीमों में से एक है। इसने अब तक भारत और विदेश में 800 से अधिक हवाई प्रदर्शन किए हैं। टीम का नेतृत्व ग्रुप कैप्टन अजय दशरथी कर रहे हैं।

सोमनाथ अमृत महोत्सव का महत्व

सोमनाथ अमृत महोत्सव मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में मनाया जा रहा है। 1951 में भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद द्वारा पुनर्निर्मित मंदिर का उद्घाटन किया गया था। 

इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, राज्य के मंत्री, संत-महात्मा, मंदिर ट्रस्टी और वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। यह कार्यक्रम सोमनाथ मंदिर की ऐतिहासिक और धार्मिक गरिमा को और उजागर करता है, जो 12 ज्योतिर्लिंगों में प्रमुख स्थान रखता है। (इनपुट-एजेंसी)

RELATED ARTICLES

53 mins ago | Artisan Livelihood

भारत ट्यूलिप से पारंपरिक कारीगरों के उत्पादों को मिला डिजिटल बाजार

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम (एनबीसीएफडीस...

1 hour ago

33,660 करोड़ रुपए की भव्य योजना से बदलेगा भारत का विनिर्माण इकोसिस्टम

भारत औद्योगिक विकास योजना (भव्य) 33,660 करोड़ रुपए की एक पहल है, जिसका उद्देश्य देशभर में 100 प्लग-एंड-प...