15/06/24 | 10:13 am | ICC T20 World Cup | Pakistan | USA

Print

आईसीसी टी-20 विश्व कप : यूएसए सुपर 8 में, पाकिस्तान बाहर

आईसीसी टी-20 विश्व कप के सुपर 8 चरण के लिए यूएसए ने क्वालीफाई कर लिया है, जबकि पाकिस्तान अब टूर्नामेंट से बाहर हो गया। शुक्रवार रात फ्लोरिडा में आयरलैंड और यूएसए के बीच खेले जाने वाला महत्वपूर्ण मैच गीली आउटफील्ड और बारिश के कारण रद्द कर दिया गया और दोनों टीमों को 1-1 अंक मिल गए, जिससे यूएसए ने 5 अंक के साथ सुपर 8 में प्रवेश कर लिया।

सुपर 8 के लिए क्वालीफाई करने वाला यूएसए, आयरलैंड (2009), नीदरलैंड (2014), अफगानिस्तान (2016), नामीबिया (2021), स्कॉटलैंड (2021) और नीदरलैंड (2022) के बाद टी20 विश्व कप में ग्रुप चरण से सुपर चरण में प्रवेश करने वाला सातवां एसोसिएट्स देश बन गया है।

मैच के समय तक फ्लोरिडा में बारिश रूक गई थी और कुछ आसमान भी साफ हो गया था, लेकिन मैच से पहले हो रहे बारिश से मैदान का आउटफील्ड काफी गीला था। ग्राउंड्समैन के बेहतरीन प्रयासों के बावजूद कुछ पैच गीले रह गए, जिससे खेल मुश्किल हो गया। हालांकि एक समय लगा कि मैच 5-5 ओवर का हो सकता है, लेकिन तभी फिर से भारी बारिश शुरु हो गई और मैच को रद्द कर घोषित कर दिया।

भारत 3 मैचों में जीत के साथ पहले ही सुपर 8 में

ग्रुप ए की अंकतालिका में भारत 3 मैचों में 6 अंकों के साथ पहले ही सुपर 8 में प्रवेश कर चुका है, वहीं यूएसए की टीम चार मैचों में (दो जीत एक हार और एक रद्द मैच) 5 अंकों के साथ ग्रुप से सुपर 8 में जाने वाली दूसरी टीम बन गई। पाकिस्तान के 3 मैचों से 2 और आयरलैंड के तीन मैचों से 1 अंक हैं।