राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में अगले तीन दिन तक भीषण गर्मी और तेज धूप लोगों को झुलसाएगी। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अधिकतम तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। हालांकि 11 जून से मौसम में करवट आएगी और गरज-चमक के साथ बारिश व आंधी-तूफान की गतिविधियां शुरू होंगी, जिससे तापमान में 6-7 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मौसम का पूर्वानुमान:
– 8 जून (आज): आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 42°C और न्यूनतम 25°C रहने की उम्मीद है। कोई विशेष चेतावनी नहीं जारी की गई है।
– 9 जून: गर्मी और बढ़ेगी। अधिकतम तापमान 43°C तथा न्यूनतम 28°C रहेगा। दिन में तेज सतही हवाएं चल सकती हैं।
– 10 जून: मौसम शुष्क और गर्म रहेगा। अधिकतम तापमान 43°C और न्यूनतम 29°C तक पहुंच सकता है। तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा।
11 जून से मौसम में बदलाव
11 जून को गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान घटकर 41°C रहने का अनुमान है। 12 जून को बारिश और तूफानी गतिविधियां और तेज होंगी, जिससे अधिकतम तापमान 36°C तक गिर सकता है। 13 जून को भी मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहेगा। अधिकतम तापमान 36°C और न्यूनतम 26°C रहेगा। आंशिक बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक की संभावना बनी रहेगी।
लोगों को विशेषज्ञों की सलाह
मौसम विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि अगले तीन दिन दोपहर में अनावश्यक बाहर निकलने से बचें, खूब पानी पिएं और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाएं। 11 जून के बाद शुरू होने वाली बारिश और आंधी-तूफान की गतिविधियां गर्मी से राहत दिलाएंगी। (इनपुट-एजेंसी)


