भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज शुक्रवार को पूर्वी, दक्षिणी और मध्य भारत में अगले कुछ दिनों के दौरान भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिम-मध्य और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में, आंध्र प्रदेश के उत्तरी और ओडिशा के दक्षिणी तट से लगे क्षेत्र में बना कम दबाव का क्षेत्र इस बारिश का मुख्य कारण है। इसके चलते 12 और 13 सितंबर को ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और यानम में, 12 से 14 सितंबर के बीच तेलंगाना में और 13 से 15 सितंबर तक महाराष्ट्र में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
वहीं पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के राज्यों में भी बारिश का असर दिखाई देगा। असम और मेघालय में 12 से 16 सितंबर के बीच भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 12 से 15 सितंबर तक भारी बारिश हो सकती है। अरुणाचल प्रदेश में 13 से 15 सितंबर तक भारी बारिश का अनुमान है। वहीं, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और बिहार में 13 और 14 सितंबर को भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने आगे कहा है कि परिस्थितियां पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों से 15 सितंबर के आसपास दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए अनुकूल हो रही हैं। यानी, राजस्थान से मानसून की विदाई जल्द शुरू हो सकती है।
पिछले 24 घंटों में भी कई जगहों पर भारी से अत्यधिक भारी बारिश दर्ज की गई। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और तेलंगाना में 21 सेंटीमीटर या उससे अधिक की अत्यधिक भारी बारिश हुई। उत्तराखंड में बहुत भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि हिमाचल प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, सिक्किम, असम, मेघालय, नागालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा, ओडिशा, झारखंड, मराठवाड़ा, रायलसीमा और तमिलनाडु में भारी बारिश हुई।
वहीं, दिल्ली-एनसीआर में 12 से 15 सितंबर तक आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा और 13 व 14 सितंबर को हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इस दौरान दिन का तापमान 32°C से 35°C के बीच रहेगा। अधिकतम तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक, यानी 24°C से 26°C के आसपास रहने की संभावना है। सतही हवाएं ज्यादातर उत्तर-पश्चिम दिशा से 15 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी, जो शाम और रात के समय धीरे-धीरे कमजोर हो जाएंगी।


