असमय वर्षा, ओलावृष्टि और कुछ स्थानों पर आगजनी से रबी फसलों को हुए नुकसान पर योगी आदित्यनाथ ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। बुधवार सुबह हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को त्वरित, पारदर्शी और संवेदनशील कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ किसानों के साथ खड़ी है।
समयबद्ध आकलन और तुरंत क्षतिपूर्ति के निर्देश
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि प्रत्येक प्रभावित किसान और बटाईदार के नुकसान का सटीक, निष्पक्ष और समयबद्ध आकलन कर तत्काल क्षतिपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जनपद स्तर पर राजस्व, कृषि और अन्य विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर जल्द सर्वे रिपोर्ट शासन को भेजी जाए, ताकि राहत वितरण में कोई देरी न हो।
बीमा दावों के शीघ्र निस्तारण पर जोर
सीएम योगी ने बीमा कंपनियों के साथ सक्रिय समन्वय बनाकर फसल बीमा दावों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे स्वयं किसानों से संपर्क कर उन्हें बीमा योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें, जिससे अधिकतम राहत मिल सके।
आपदा राहत कोष से तत्काल धनराशि जारी
राजस्व विभाग को निर्देशित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य आपदा राहत कोष से प्रत्येक जिले को पर्याप्त धनराशि तुरंत उपलब्ध कराई जाए। जिलाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे प्रभावित किसानों को पारदर्शी तरीके से सहायता प्रदान करें और जहां जरूरत हो, वहां राहत शिविर भी स्थापित किए जाएं।
अग्निकांड पीड़ितों के लिए 24 घंटे में मदद
अग्निकांड की घटनाओं पर विशेष संवेदनशीलता दिखाते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि जनहानि और पशुहानि की स्थिति में 24 घंटे के भीतर राहत राशि दी जाए। साथ ही, पात्र लाभार्थियों को कृषक दुर्घटना बीमा योजना का लाभ शीघ्र उपलब्ध कराया जाए।
आवास और पुनर्वास को प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन परिवारों के घर क्षतिग्रस्त या नष्ट हुए हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राहत और पुनर्वास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई होगी।
सरकार किसानों के साथ खड़ी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार इस आपदा की घड़ी में हर किसान, कृषक परिवार और बटाईदार के साथ पूरी संवेदनशीलता, तत्परता और प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। (इनपुट: आईएएनएस)


