मलेशिया में पीएम मोदी ने कहा-भारतीय समुदाय जीता-जागता पुल, जो दोनों देशों के दिलों को जोड़ता है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कुआलालंपुर में भारतीय समुदाय को संबोधित किया। उन्होंने भारत-मलेशिया संबंधों की गहराई पर ज़ोर देते हुए कहा कि भारत की सफलता मलेशिया की प्रगति और बदले में एशिया के विकास से जुड़ी हुई है। भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, मलेशिया में दुनिया में भारतीय मूल के लोगों की दूसरी सबसे बड़ी कम्युनिटी है। यह भारत और मलेशिया के दिलों को जोड़ता है। जिस प्रदर्शनी को मैंने और पीएम अनवर इब्राहिम ने देखा, वह इस कनेक्शन को बहुत खूबसूरती से दिखाती है। आप एक जीता-जागता पुल हैं जो हमें जोड़ता है।”

पीएम मोदी दो दिवसीय दौरे पर आज शनिवार को मलेशिया पहुंचे। मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने एयरपोर्ट पर पीएम मोदी का स्वागत किया। इसके बाद दोनों नेता एक साथ एक ही कार में कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हुए। कुआलालंपुर में पीएम मोदी के स्वागत में बड़ी संख्या में भारतीय समुदाय पहुंचा। इस दौरान लगभग 800 लोगों ने पीएम मोदी के स्वागत में क्लासिकल और लोक नृत्य किया।

इसके बाद पीएम मोदी ने अपना संबोधन शुरू किया। प्रधानमंत्री जैसे ही अपना संबोधन शुरू करने के लिए मंच पर पहुंचे, ‘मोदी-मोदी’ की गूंज शुरू हो गई। लोगों ने तालियां बजाकर पूरे उत्साह से पीएम का स्वागत किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने तमिल भाषा और संस्कृति की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा, “तमिल के लोगों ने अपने टैलेंट से मानवता की सेवा की है। मैं गर्व के साथ कहता हूं कि भारत के उपराष्ट्रपति थिरु सीपी राधाकृष्णन, विदेश मंत्री एस जयशंकर, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, जिन्होंने हमारे देश का बजट 9 बार प्रस्तुत किया है, और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के राज्य मंत्री मुर्गन लोगनाथन मुरुगन ये सभी तमिलनाडु से आते हैं।”

उन्होंने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने कहा,”पीएम अनवर इब्राहिम और मैं उनके पीएम बनने से पहले से ही दोस्त हैं, पिछले साल मैं आसियान समिट के लिए नहीं आ पाया था, लेकिन मैंने अपने दोस्त से वादा किया था कि मैं जल्द ही मलेशिया आऊंगा। और जैसा वादा किया था, मैं यहां हूं । यह 2026 में मेरी पहली विदेश यात्रा है। इन त्योहारों के समय में आपके साथ आकर मुझे बहुत खुशी हो रही है।”

पीएम मोदी ने कहा, “आपको पता है कि प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम बहुत अच्छा गाना गाते हैं, लेकिन कई भारतीयों को यह नहीं पता। मलेशियाई पीएम के भारत दौरे के दौरान भारतीय काफी हैरान थे। उनके गाने का एक वीडियो वायरल हो गया, जिसमें वह पुराना बॉलीवुड गाना गा रहे थे। वह एमजीआर के तमिल गाने भी बहुत पसंद करते हैं।” उनके ऐसा कहते ही पीएम अनवर भी हंस पड़े।

पीएम मोदी ने कहा, “इस मौके पर मलेशिया में नेताजी सर्विस सेंटर और नेताजी वेलफेयर फाउंडेशन की कोशिशों को भी सलाम करता हूं। यह सच में कमाल की बात है कि आपने सदियों से भारतीय परंपराओं को बनाए रखा है। हाल ही में, मैंने ‘मन की बात’ में आपके काम के बारे में कहा था। मैंने कहा था कि मलेशिया में 500 से ज़्यादा स्कूल हैं जो भारतीय भाषाओं में शिक्षा देते हैं।”

वहीं, मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने कहा, “हम आज न सिर्फ नर्तकों, बल्कि वहां मौजूद सभी लोगों के उत्साह और प्यार को महसूस कर सकते हैं। कैसे हमारे दो दोस्त, दो महान देश और मैं और आप, प्रधानमंत्री मोदी। यह सच में सम्मान की बात है। जैसा कि मैंने आपको कार में बताया था कि मैं व्यक्तिगत तौर पर बहुत उत्साहित हूं, बहुत शुक्रगुजार हूं, बहुत आभारी हूं कि मेरा एक बहुत अच्छा दोस्त, भारत से एक बहुत अच्छा दोस्त मलेशिया में हमारे साथ जुड़ रहा है।”

प्रधानमंत्री इब्राहिम ने कहा, “पीएम मोदी, मैंने आपके संघर्ष, आपकी राजनीतिक मुश्किलों को देखा है, और मुझे यह कहना होगा, मैं खुशकिस्मत हूं कि मैं भारत के मोदी जी का एक बहुत अच्छा पर्सनल दोस्त हूं।” (इनपुट-एजेंसी)

 

 

 

 

RELATED ARTICLES

35 mins ago | Artificial intelligence

अंतरिक्ष से एआई और क्वांटम तकनीक तक, भारत-लक्जमबर्ग ने सहयोग बढ़ाने पर की चर्चा

लक्जमबर्ग के अर्थव्यवस्था, एसएमई, ऊर्जा एवं पर्यटन मंत्री लेक्स डेल्स ने सोमवार को केंद्रीय मं...

4 hours ago | India Luxembourg Partnership

बदलते वैश्विक परिदृश्य में लक्जमबर्ग के साथ भारत की साझेदारी अहम: एस जयशंकर

भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोमवार को लक्जमबर्ग के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री जेविय...