राज्यसभा में जेपी नड्डा ने विपक्ष पर जानबूझकर संसद बाधित करने का लगाया आरोप, बोले – “सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार”

राज्यसभा में सदन के नेता और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने गुरुवार को विपक्ष पर संसद की कार्यवाही में जानबूझकर बाधा डालने का आरोप लगाया। नड्डा ने कहा कि मोदी सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है।

विपक्ष के “गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार” की कड़ी निंदा की

राज्यसभा को संबोधित करते हुए जेपी नड्डा ने कहा, “विपक्ष की भूमिका पूरी तरह नकारात्मक रही है। सत्र शुरू होने के बाद से उनका पूरा ध्यान सदन को चलने देने के बजाय उसकी कार्यवाही में बाधा डालने पर रहा है। उनके पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए वे लगातार मुद्दे बदलते रहते हैं।”

नड्डा ने आगे कहा, “मैं सदन के माध्यम से स्पष्ट करना चाहता हूं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है। यह केवल इस सत्र तक सीमित नहीं है। पिछले सभी सत्रों में भी हमने हर मामले पर चर्चा की है। जब चर्चा हुई, विपक्ष को मुंहतोड़ जवाब मिला क्योंकि उनके पास कोई वास्तविक मुद्दा नहीं था।”

उन्होंने विपक्ष पर आज भी अपनी मांगें बदलने का आरोप लगाते हुए कहा कि जिस विषय पर चर्चा होनी थी, उस पर दोपहर 2 बजे जितेंद्र सिंह जवाब देंगे। इसके बावजूद विपक्ष मुद्दे बदल रहा है। नड्डा ने विपक्ष के “गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार” की कड़ी निंदा की। नड्डा के इस बयान के बाद विपक्षी सदस्यों ने राज्यसभा से वॉकआउट कर दिया।

विपक्ष का विरोध जारी

यह घटनाक्रम 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान कथित पुलिस कार्रवाई को लेकर विपक्ष के लगातार हंगामे के बीच हुआ है। विपक्षी दलों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सदन में बयान देने की मांग की। INDIA गठबंधन के सांसदों ने आज सुबह मकर द्वार पर प्रदर्शन भी किया और केंद्र सरकार से जवाबदेही की मांग की।

लोकसभा में भी हंगामा

इससे पहले लोकसभा की कार्यवाही भी विपक्ष के हंगामे के कारण दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई। कार्यवाही स्थगित करने से पहले लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने CWG 2026 में मेडल जीतने वाले भारतीय एथलीट्स — मुरली श्रीशंकर (लॉन्ग जंप सिल्वर), दिलीप महादु गावित (100m T47 गोल्ड) और मोहम्मद बासिल मोर्सिंगनाकाथी (100m T47 सिल्वर) — को बधाई दी। (इनपुट-एजेंसी)

RELATED ARTICLES

28 mins ago | banking sector

सरकार ने आईडीबीआई बैंक के रणनीतिक पुनर्गठन को दी मंजूरी

आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) ने आईडीबीआई बैंक लिमिटेड के रणनीतिक पुनर्गठन को म...

1 hour ago | Anita Anand

प्रधानमंत्री मोदी से मिलीं कनाडाई विदेश मंत्री अनीता आनंद, व्यापार-तकनीक समेत कई मुद्दों पर चर्चा

कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरा...