2030 तक भारत को टेक्सटाइल हब बनाने की तैयारी, गुवाहाटी में दो दिवसीय राष्ट्रीय बैठक

देश के वस्त्र क्षेत्र को मजबूती देने और भारत को वैश्विक टेक्सटाइल मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से 8 जनवरी से असम के गुवाहाटी में दो दिवसीय राष्ट्रीय वस्त्र मंत्रियों का सम्मेलन 2026 आयोजित किया जाएगा।

इस सम्मेलन का आयोजन केंद्रीय वस्त्र मंत्रालय द्वारा असम सरकार के सहयोग से किया जा रहा है। सम्मेलन की थीम रखी गई है —

“India’s Textiles: Weaving Growth, Heritage and Innovation” यानी विकास, विरासत और नवाचार के साथ भारत का वस्त्र क्षेत्र

इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के वस्त्र मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी भाग लेंगे। सम्मेलन सरकार के उस विजन के अनुरूप है, जिसके तहत वर्ष 2030 तक भारत को एक ग्लोबल टेक्सटाइल हब के रूप में विकसित करना लक्ष्य है। इसमें निर्यात बढ़ाने, रोजगार सृजन और समावेशी विकास पर विशेष जोर रहेगा।

उद्घाटन सत्र में केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह, असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा और वस्त्र राज्य मंत्री पबित्रा मार्घेरिटा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।

सम्मेलन के दौरान जिन प्रमुख विषयों पर चर्चा होगी, उनमें शामिल हैं —

  • इंफ्रास्ट्रक्चर और निवेश

  • भारत के टेक्सटाइल निर्यात का विस्तार

  • कच्चा माल और फाइबर

  • तकनीकी वस्त्र और नई पीढ़ी के फाइबर

  • हथकरघा और हस्तशिल्प का संरक्षण और प्रोत्साहन

साथ ही PM MITRA पार्क, टिकाऊ (Sustainable) टेक्सटाइल, पर्यावरणीय मानकों, नवाचार और वैल्यू-चेन के विकास पर भी विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे।

सम्मेलन में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधि अपने अनुभव, चुनौतियाँ और नीतिगत सुझाव साझा करेंगे, ताकि देशभर में टेक्सटाइल सेक्टर को और मजबूत किया जा सके।

यह सम्मेलन केंद्र और राज्यों के बीच सहयोग को मजबूत करने और एक प्रतिस्पर्धी, टिकाऊ और समावेशी वस्त्र क्षेत्र के लिए स्पष्ट रोडमैप तैयार करने में मदद करेगा।

-(इनपुटःएजेंसी)