भारत और ब्राजील ने ICT सहयोग बढ़ाने के लिए समझौता ज्ञापन पर किए हस्ताक्षर

भारत और ब्राजील ने दूरसंचार और सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (ICT) के क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने के लिए एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं।

दूरसंचार विभाग ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी। विभाग के अनुसार, यह समझौता डिजिटल नवाचार को आगे बढ़ाने, डिजिटल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और उभरती प्रौद्योगिकियों में सहयोग बढ़ाने में मदद करेगा।

यह MoU पुणे में आयोजित 12वीं BRICS संचार मंत्रियों की बैठक के दौरान BRICS ICT Track Meeting से इतर भारत के संचार मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया और ब्राजील के संचार मंत्री फ्रेडरिको डी सिक्वेरा फिल्हो ने हस्ताक्षरित किया।

सिंधिया ने X पर इसे भारत-ब्राजील के डिजिटल और दूरसंचार क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने वाला कदम बताया। उन्होंने कहा कि MoU के तहत दोनों देश सार्वभौमिक कनेक्टिविटी, साइबर सुरक्षा, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, उभरती प्रौद्योगिकियों, क्षमता निर्माण और सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान के क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाएंगे।

उन्होंने कहा कि यह समझौता सुरक्षित और समावेशी डिजिटल भविष्य के लिए भारत-ब्राजील सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

BRICS देशों के प्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा

कार्यक्रम में BRICS सदस्य देशों के सरकारी अधिकारियों के साथ-साथ उद्योग जगत के नेताओं, शिक्षाविदों, स्टार्टअप्स और शोध संस्थानों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

इस फोरम को 2021 में भारत की मेजबानी में आयोजित 7वीं BRICS संचार मंत्रियों की बैठक के दौरान संस्थागत रूप दिया गया था। यह BRICS ICT Track के तहत एक बहु-हितधारक मंच के रूप में काम करता है।

कार्यक्रम में पहली विषयगत चर्चा साइबर सुरक्षा और भरोसेमंद ICT पर केंद्रित रही। इसमें बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा समेत डिजिटल बदलाव से जुड़े सुरक्षा और विश्वास के मुद्दों पर चर्चा की गई।

BRICS देशों के मंत्रियों ने इन क्षेत्रों में संतुलित और व्यापक दृष्टिकोण की आवश्यकता पर लगातार जोर दिया है, ताकि गोपनीयता, जनहित और कमजोर वर्गों के संरक्षण के साथ डिजिटल विकास को आगे बढ़ाया जा सके।

टिकाऊ और मजबूत डिजिटल ढांचे पर जोर

दूसरी विषयगत चर्चा टिकाऊ और लचीले डिजिटल एवं ICT इकोसिस्टम पर केंद्रित रही।

इसमें सभी लोगों के लिए सार्वभौमिक, सार्थक और किफायती डिजिटल कनेक्टिविटी, ऊर्जा-कुशल और जलवायु-लचीले डिजिटल बुनियादी ढांचे तथा सैटेलाइट और गैर-पारंपरिक नेटवर्क प्रणालियों जैसी उभरती तकनीकों की भूमिका पर चर्चा की गई।

भारत और ब्राजील के बीच यह समझौता दोनों देशों के लिए डिजिटल बुनियादी ढांचे, साइबर सुरक्षा और नई तकनीकों के क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

(इनपुटः आईएएनएस)

RELATED ARTICLES

6 hours ago

भारत और स्विट्जरलैंड के बीच सहयोग से दोनों देशों की जनता को व्यापक लाभ मिल सकता है: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

 राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन में स्विस परिसंघ के राष्ट्रपति गी पारमेलां का स्...

05/10/26 | 9:28 pm

यह दौर उथल-पुथल का होगा, हमें चुनौतियों से पार पाने का भरोसा: विदेश मंत्री जयशंकर

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सोमवार को कहा कि यह दौर दुनिया के लिए उथल-पुथल भरा होगा, जिसमें टकराव औ...