कनाडा के अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू और भारत के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने द्विपक्षीय व्यापार और निवेश संबंधों को मजबूत करने की अपनी साझा प्रतिबद्धता दोहराई है। दोनों देशों ने आर्थिक विकास को बढ़ावा देने और व्यवसायों के लिए नए वाणिज्यिक अवसर सृजित करने के उद्देश्य से ठोस परिणाम हासिल करने पर सहमति जताई।
हाल के मंत्रीस्तरीय संवादों से बने सकारात्मक माहौल को आगे बढ़ाते हुए मनींदर सिद्धू ने पीयूष गोयल और भारत के अब तक के सबसे बड़े विदेशी व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। उन्होंने स्वच्छ ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिज, कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, उन्नत विनिर्माण, डिजिटल प्रौद्योगिकी और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर जोर दिया।
दोनों मंत्रियों ने व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई और इस वर्ष के अंत तक वार्ता पूरी करने के साझा लक्ष्य की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि यह समझौता बाजार पहुंच बढ़ाने, मजबूत आपूर्ति श्रृंखलाओं के निर्माण और दोनों देशों की आर्थिक वृद्धि को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर दोनों मंत्रियों ने कनाडा-भारत व्यापार एवं निवेश मंच की शुरुआत की, जो दोनों देशों के उद्योग जगत के नेताओं को एक मंच पर लाकर नए व्यापारिक साझेदारी अवसरों को बढ़ावा देगा और कारोबारी सहयोग को मजबूत करेगा।
मंत्रियों ने भारत और कनाडा के बीच संपर्क बढ़ाने की आवश्यकता पर भी बल दिया। इसमें लोगों के बीच संबंध, व्यापारिक आवागमन और प्रत्यक्ष व्यावसायिक संपर्क शामिल हैं, जिन्हें व्यापार और निवेश विस्तार के लिए महत्वपूर्ण माना गया।
मनींदर सिद्धू ने घोषणा की कि कनाडा इस वर्ष के अंत में ‘टीम कनाडा ट्रेड मिशन’ को भारत भेजेगा। यह भारतीय बाजार में अपनी उपस्थिति बढ़ाने के लिए कनाडाई कंपनियों की मजबूत रुचि और दोनों देशों के बीच वाणिज्यिक साझेदारी को गहरा करने की साझा महत्वाकांक्षा को दर्शाता है।
भारत और कनाडा ने प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में दीर्घकालिक और उच्च गुणवत्ता वाले निवेश को प्रोत्साहित करने तथा उद्योगों, नवोन्मेषकों और संस्थागत भागीदारों के बीच सहयोग को बढ़ावा देने पर सहमति व्यक्त की। दोनों देशों के मंत्रियों ने नियमित संवाद जारी रखने और आने वाले महीनों में ठोस परिणाम हासिल करने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।


