भारत-चिली ने बहुआयामी संबंधों को और गहरा करने की प्रतिबद्धता दोहराई

भारत और चिली ने अपने बहुआयामी रिश्तों को गहरा करने की प्रतिबद्धता दोहराई है। नई दिल्ली में आयोजित चिली के राष्ट्रीय दिवस समारोह में विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए दोनों देशों के बीच मजबूत साझेदारी को और आगे बढ़ाने पर जोर दिया। 

सिबी जॉर्ज ने चिली के राष्ट्रीय दिवस समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व किया

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने चिली के राष्ट्रीय दिवस समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति गेब्रियल बोरिक की हालिया मुलाकातों में तय रोडमैप के अनुरूप भारत-चिली साझेदारी को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।”

भारत-चिली दोस्ती हो रही है और मजबूत 

जुलाई 2025 में ब्राजील के रियो डी जनेरियो में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान पीएम मोदी ने चिली के राष्ट्रपति गेब्रियल बोरिक से मुलाकात की थी। इस दौरान पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, “चिली के राष्ट्रपति गेब्रियल बोरिक से मुलाकात कर प्रसन्नता हुई। भारत-चिली दोस्ती और मजबूत हो रही है।”

दोनों देशों के बीच संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम 

इससे पहले अप्रैल 2025 में राष्ट्रपति बोरिक ने उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ भारत की राजकीय यात्रा की थी, जिसमें व्यापार, सांस्कृतिक संबंध और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने पर चर्चा हुई। यह यात्रा दोनों देशों के बीच 1949 में स्थापित राजनयिक संबंधों के 76 वर्ष पूरे होने का प्रतीक रही। 

दोनों नेताओं ने वैश्विक शासन सुधार और स्वच्छ प्रौद्योगिकी जैसे समसामयिक मुद्दों पर साझा दृष्टिकोण की सराहना की। पीएम मोदी ने ‘ग्लोबल साउथ की आवाज’ सम्मेलनों में चिली की सक्रिय भागीदारी की प्रशंसा की, जबकि राष्ट्रपति बोरिक ने ग्लोबल साउथ के बीच सहयोग बढ़ाने में भारत की नेतृत्वकारी भूमिका को सराहा। 

यह साझेदारी व्यापार, संस्कृति और वैश्विक मुद्दों पर सहयोग के माध्यम से दोनों देशों के बीच संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। (इनपुट-एजेंसी)