भारत और ग्वाटेमाला व्यापार एवं निवेश बढ़ाने के लिए करेंगे प्रयास

भारत और ग्वाटेमाला ने द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने तथा आर्थिक एवं वाणिज्यिक संबंधों को मजबूत करने के अवसरों पर चर्चा की है। इस संबंध में भारत के ग्वाटेमाला में राजदूत राज कुमार सिंह ने ग्वाटेमाला की सांसद इवाना बोनिला से मुलाकात की।

बैठक में कपड़ा, निर्माण सामग्री, कचरा प्रबंधन, दोपहिया वाहन और CCTV सिस्टम जैसे प्रमुख क्षेत्रों में क्रेता-विक्रेता बैठकें (BSMs) आयोजित करने की संभावनाओं पर भी विचार किया गया। इसका उद्देश्य दोनों देशों के कारोबारियों को एक मंच पर लाना, व्यापार एवं निवेश को बढ़ावा देना और नए व्यावसायिक साझेदारी के अवसर तलाशना है।

ग्वाटेमाला स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि इन पहलों से विभिन्न उद्योगों में दोनों देशों के बीच कारोबारी संपर्क और सहयोग का विस्तार होने की उम्मीद है।

इससे पहले पिछले महीने राजदूत राज कुमार सिंह ने भारत में ग्वाटेमाला के राजदूत ओमर लिसांद्रो कास्तानेदा सोलेरेस से मुलाकात की थी। दोनों ने आपसी महत्व के द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा करते हुए मित्रता और सहयोग को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई थी।

वहीं, 15 सितंबर को विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने ग्वाटेमाला के विदेश मंत्री कार्लोस रामिरो मार्टिनेज और वहां के लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी थीं। उन्होंने दोनों देशों के संबंधों को और गहरा करने की प्रतिबद्धता भी जताई थी।

भारत और ग्वाटेमाला के बीच 1972 में राजनयिक संबंध स्थापित हुए थे। दोनों देशों ने 2022 में संबंधों की 50वीं वर्षगांठ मनाई थी। इस अवसर पर भारतीय मिशन ने ग्वाटेमाला में 50 से अधिक सांस्कृतिक और वाणिज्यिक कार्यक्रम आयोजित किए थे।

-(इनपुटः आईएएनएस)