Print

भारत-पोलैंड ने एमएसएमई सहयोग बढ़ाने पर किया मंथन, डिजिटल परिवर्तन और नवाचार पर रहेगा जोर

भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्रालय ने नई दिल्ली में पोलैंड के आर्थिक विकास एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के उप मंत्री माइकल बरानोवस्की के नेतृत्व वाले उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ द्विपक्षीय बैठक की। बैठक में दोनों देशों ने एमएसएमई क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने, डिजिटल परिवर्तन, नवाचार, प्रौद्योगिकी, व्यापार और निवेश के नए अवसरों पर चर्चा की।

एमएसएमई क्षेत्र की उपलब्धियों से पोलैंड को कराया अवगत

एमएसएमई मंत्रालय के सचिव भारत खेरा ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि भारत का एमएसएमई क्षेत्र आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और निर्यात बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि देश में 8.6 करोड़ से अधिक पंजीकृत एमएसएमई हैं, जो जीडीपी में लगभग 30%, विनिर्माण उत्पादन में एक-तिहाई से अधिक और निर्यात में लगभग आधा योगदान देते हैं। यह क्षेत्र करीब 33 करोड़ लोगों की आजीविका का आधार भी है।

सरकार की प्रमुख योजनाओं की दी जानकारी

भारत खेरा ने प्रतिनिधिमंडल को एमएसएमई क्षेत्र को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए सरकार की विभिन्न पहलों की जानकारी दी। उन्होंने उद्यम पंजीकरण पोर्टल, सूक्ष्म और लघु उद्यमों के लिए क्रेडिट गारंटी योजना, प्रौद्योगिकी केंद्र और ज़ीरो डिफेक्ट ज़ीरो ईफेक्ट (जेडईडी) जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि इन पहलों के माध्यम से डिजिटल परिवर्तन, तकनीक अपनाने, टिकाऊ विनिर्माण और बाजार तक पहुंच को बढ़ावा दिया जा रहा है।

भारत-पोलैंड रणनीतिक साझेदारी को मिलेगा नया आयाम

एमएसएमई सचिव ने कहा कि पोलैंड, मध्य और पूर्वी यूरोप में भारत का सबसे बड़ा व्यापार एवं निवेश साझेदार है। उन्होंने बताया कि 2025 से दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार में तीन गुना वृद्धि हुई है। उन्होंने विश्वास जताया कि हाल ही में हुए भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते से व्यापार और निवेश संबंधों को और मजबूती मिलेगी।

पोलैंड ने भारत की प्रगति की सराहना की

पोलैंड के उप मंत्री माइकल बरानोवस्की ने भारत के एमएसएमई इकोसिस्टम में हुई उल्लेखनीय प्रगति की सराहना की और सहयोग को और मजबूत करने की इच्छा जताई। उन्होंने दोनों देशों के उद्योगों के बीच संस्थागत साझेदारी और बिजनेस-टू-बिजनेस (बी2बी) संबंधों को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता दोहराई। बैठक में 2024 में नेशनल स्मॉल इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन (एनएसआईसी) और पोलिश एजेंसी फॉर एंटरप्राइज डेवलपमेंट (पीएआरपी) के बीच शुरू हुई संस्थागत साझेदारी की भी सराहना की गई।

एमएसएमई इकोसिस्टम के बीच सहयोग बढ़ाने पर सहमति

बैठक में दोनों पक्षों ने उद्यम विकास, डिजिटल परिवर्तन, प्रौद्योगिकी, नवाचार, बाजार संपर्क, व्यापार और निवेश के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने तथा दोनों देशों के एमएसएमई इकोसिस्टम के बीच मजबूत संस्थागत साझेदारी विकसित करने पर सहमति जताई। (इनपुट: पीआईबी)