विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में भारत-स्विट्जरलैंड एक-दूसरे से बहुत कुछ सीख सकते हैं : राजदूत माया

भारत में स्विट्जरलैंड की राजदूत माया तिस्साफी ने केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह के साथ स्विस परिसंघ के राष्ट्रपति गाय परमेलिन की मुलाकात को अहम बताया। उन्‍होंने कहा क‍ि भारत और स्विट्जरलैंड की साझेदारी में एक खास बात है कि हम विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में एक-दूसरे से बहुत कुछ सीख सकते हैं।

राजदूत माया ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि स्विट्जरलैंड और भारत के बीच साझेदारी में विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में एक-दूसरे से सीखने के अवसर विशेष रूप से महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाय परमेलिन की केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह के साथ हुई मुलाकात ने दोनों देशों के बीच इस मजबूत साझेदारी को आगे बढ़ाने तथा तेजी से बदलती प्रौद्योगिकी के दौर में भविष्य के सहयोग की नई संभावनाओं पर चर्चा का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया। उन्होंने कहा कि भारत ने 2026 में एआई समिट की मेजबानी की थी, जबकि 2027 में जिनेवा इसकी मेजबानी करेगा।

स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाय परमेलिन मंगलवार को ग्रेटर नोएडा के जेवर में स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का दौरा करेंगे। स्विस राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद कर दिया है। वह दिल्ली से सड़क मार्ग के जरिए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंच सकते हैं। उनके दौरे को देखते हुए एक्सप्रेस वे और प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा बढ़ाने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को भी नियंत्रित किया गया है।

इस दौरान वह एयरपोर्ट की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। खास तौर पर उन्हें एयरपोर्ट के कार्गो टर्मिनल की व्यवस्थाओं और सुविधाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी। एयरपोर्ट प्रबंधन की ओर से राष्ट्रपति के दौरे को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी की गई हैं। स्विस राष्ट्रपति के दिल्ली से सड़क मार्ग के जरिए ग्रेटर नोएडा आने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने एक्सप्रेस वे पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूरे एनसीआर के लिए एक बड़े अंतरराष्ट्रीय एविएशन हब के तौर पर विकसित किया जा रहा है। ऐसे में विदेशी राष्ट्राध्यक्ष का एयरपोर्ट का दौरा इसके अंतरराष्ट्रीय महत्व को भी रेखांकित करता है। दौरे के दौरान स्विस राष्ट्रपति को एयरपोर्ट की यात्री सुविधाओं के साथ-साथ कार्गो संचालन और अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। एयरपोर्ट को भविष्य में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के विस्तार के लिए तैयार किया जा रहा है।(इनपुट-आईएएनएस)