मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण का वैश्विक हब बना भारत

अर्थव्यवस्थाओं को शक्ति प्रदान करते हुए और तकनीकी परिदृश्य को नए सिरे से परिभाषित करते हुए इलेक्ट्रॉनिक्स नवाचार और विकास का इंजन बन गया है। दुनिया भर में, यह क्षेत्र संचार, स्वचालन और कनेक्टिविटी की दिशा में प्रगति को गति देते हुए समाजों के रहने, काम करने और परस्पर संपर्क के तरीके को आकार दे रहा है।

भारत तेज़ी से एक प्रमुख इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण केंद्र के रूप में विकसित हुआ है, जिसने पिछले एक दशक में उत्पादन में लगभग छह गुना वृद्धि दर्ज की है। इस क्षेत्र ने केवल अपने औद्योगिक आधार का ही विस्तार नहीं किया, बल्कि पिछले 10 वर्षों में 25 लाख नौकरियों को भी सृजित किया है, जो रोज़गार और आर्थिक विकास के एक प्रमुख चालक के रूप में इसकी भूमिका को रेखांकित करता है। महत्‍वपूर्ण सरकारी पहलों और मज़बूत नीतिगत समर्थन ने स्थानीय विनिर्माण को और बढ़ावा दिया है, निर्यात का विस्तार किया है और महत्वपूर्ण वैश्विक निवेश आकर्षित किया है।

वर्ष 2030-31 तक 500 बिलियन डॉलर का घरेलू इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण इकोसिस्‍टम निर्मित करने के महत्वाकांक्षी विजन के साथ, भारत घरेलू स्तर पर व्यापक अवसरों का सृजन करने के साथ ही साथ विश्व के लिए नवाचार करते हुए प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में वैश्विक स्‍तर पर अग्रणी के तौर पर उभरने को तैयार है।

इलेक्ट्रॉनिक्स के उत्पादन और निर्यात का परिदृश्य

मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसी पहलों, मज़बूत नीतिगत समर्थन, तकनीकी प्रगति और कुशल कार्यबल की बदौलत भारत तेज़ी से इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण का वैश्विक केंद्र बन गया है और इसने उत्पादन और निर्यात दोनों को अभूतपूर्व स्तरों पर पहुँचाया है।

उत्पादन-से संबद्ध प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना और कारोबार करने में सुगमता में सुधार जैसे सहायक उपायों ने विनिर्माण और निर्यात को उल्लेखनीय रूप से बढ़ावा दिया है। इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादन में त्‍वरित वृद्धि ने देश भर में रोज़गार के पर्याप्त अवसरों का सृजन किया है, जबकि भारत का इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाते और विदेशी निवेश आकर्षित करते हुए वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं में गहराई से एकीकृत हो गया है।

मोबाइल विनिर्माण और निर्यात

भारत की मोबाइल फ़ोन क्रांति जीवन और आजीविका को नए आकार में ढाल रही है। 85 प्रतिशत से ज़्यादा भारतीय परिवारों के पास कम से कम एक स्मार्टफ़ोन है, इसके कारण, यह उपकरण आज बैंकिंग, शिक्षा, मनोरंजन और सरकारी सेवाओं तक पहुँच कायम करने के एक साधन के रूप में कार्य करता है। मोबाइल कनेक्टिविटी वित्तीय समावेशन और डिजिटल सशक्तिकरण का एक शक्तिशाली वाहक बन गई है, जिससे भारत दुनिया के सबसे अधिक परस्‍पर संबद्ध समाजों में शुमार हो गया है।

आधुनिक उद्योगों की रीढ़ के रूप में इलेक्ट्रॉनिक्स 

इलेक्ट्रॉनिक्स आधुनिक अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। घरों से लेकर अस्पतालों तक, और कारखानों से लेकर वाहनों तक, ये दक्षता, आराम और नवाचार को संभव बनाते हैं। आज हर प्रमुख क्षेत्र प्रदर्शन में सुधार, सुरक्षा बढ़ाने और बेहतर सेवाएँ प्रदान करने के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स पर निर्भर है। जैसे-जैसे प्रौद्योगिकी विकसित हो रही है, उद्योगों में प्रगति को आगे बढ़ाने में इलेक्ट्रॉनिक्स का महत्व बढ़ता जा रहा है। कुछ ऐसे क्षेत्र जहाँ इलेक्ट्रॉनिक्स महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, निम्‍नलिखित हैं:

उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स

उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बन गए हैं। अब हर घर टेलीविज़न, रेफ्रिजरेटर, एयर कंडीशनर और वाशिंग मशीन जैसे उपकरणों पर निर्भर है। ये उत्पाद घरों में सुविधा, मनोरंजन और दक्षता लाते हैं। उपभोक्ता उपकरणों का बढ़ता सामर्थ्‍य और विविधता, लाखों लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में इलेक्ट्रॉनिक्स की बढ़ती भूमिका को दर्शाते हैं।

इलेक्ट्रॉनिक घटक

इलेक्ट्रॉनिक घटक संपूर्ण इलेक्ट्रॉनिइक्स इकोसिस्‍टम की नींव हैं। ये साधारण घरेलू उपकरणों से लेकर जटिल औद्योगिक प्रणालियों तक, हर उपकरण को शक्ति प्रदान करते हैं। इन आवश्यक पुर्जों के बिना कोई भी निर्माता उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स, रक्षा प्रणालियाँ या चिकित्सा उपकरण नहीं बना सकता। इस उप-क्षेत्र की ताकत इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग की समग्र दृढ़ता और प्रतिस्पर्धात्मकता निर्धारित करती है।

ऑटोमोटिव इलेक्ट्रॉनिक्स

प्रदर्शन, सुरक्षा और कनेक्टिविटी के लिए आधुनिक वाहनों की इलेक्ट्रॉनिक्स पर निर्भरता तेज़ी से बढ़ रही है। जैसे-जैसे दुनिया इलेक्ट्रिक और स्मार्ट मोबिलिटी का रुख कर रही है, ऑटोमोटिव इलेक्ट्रॉनिक्स की मांग तेज़ी से बढ़ रही है। शहरीकरण और स्वच्छ परिवहन की बढ़ती ज़रूरत इस बदलाव को और तेज़ कर रही है। सेंसर से लेकर इंफोटेनमेंट सिस्टम तक, इलेक्ट्रॉनिक्स वाहनों के संचालन और उपयोगकर्ताओं के साथ उनके संपर्क के तरीके को बदल रहे हैं।

चिकित्सा इलेक्ट्रॉनिक्स

जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों में वृद्धि और स्वास्थ्य सेवाओं की बढ़ती माँग ने चिकित्सा इलेक्ट्रॉनिक्स के बाज़ार का विस्तार किया है। ऑक्सीमीटर, ग्लूकोमीटर और डिजिटल मॉनिटर जैसे उपकरण अब घरों और अस्पतालों दोनों में सामान्‍य हो गए हैं। चिकित्सा प्रौद्योगिकी में नवाचार निदान, उपचार और रोगी देखभाल में सुधार ला रहे हैं। इलेक्ट्रॉनिक्स ने स्वास्थ्य सेवा को बदलती दुनिया की ज़रूरतों के हिसाब से ज़्यादा सुलभ, सटीक और संवेदनशील बना दिया है।

इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण की दिशा में प्रमुख सरकारी पहल

भारत का इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग मज़बूत नीतिगत समर्थन और लक्षित सरकारी पहलों के आधार पर विकसित हुआ है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी विनिर्माण इकोसिस्‍टम का निर्माण करना, निवेश आकर्षित करना और बड़े पैमाने पर रोज़गार सृजन करते हुए वैश्विक मूल्य श्रृंखलाओं में भारत की भूमिका मज़बूत करना है।

उत्पादन-से संबद्ध प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना 

1.97 लाख करोड़ रुपये के परिव्यय वाली उत्पादन-से संबद्ध प्रोत्साहन योजना इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी हार्डवेयर सहित 14 प्रमुख क्षेत्रों को कवर करती है। यह कंपनियों को उत्पादन बढ़ाने, नई तकनीकों को अपनाने और निर्यात का विस्तार करने के लिए प्रोत्साहित करती है।
जैसा कि पहले उल्लेख किया गया है, वित्त वर्ष 2020-21 से भारत ने इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण के क्षेत्र में 4 बिलियन डॉलर से अधिक का एफडीआई आकर्षित किया है। इस एफडीआई के लगभग 70% का योगदान पीएलआई योजना के लाभार्थियों द्वारा किया गया है।

इलेक्ट्रॉनिक घटकों और सेमीकंडक्‍टरों के विनिर्माण को बढ़ावा देने की योजना (एसपीईसीएस)

एसपीईसीएस योजना प्रमुख इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं के उत्पादन हेतु पूंजीगत व्यय पर 25 प्रतिशत वित्तीय प्रोत्साहन प्रदान करती है। यह योजना महत्वपूर्ण आपूर्ति श्रृंखला की खामियों को दूर करने, स्थानीय उत्पादन को प्रोत्साहित करने और भारत द्वारा अलग-अलग घटकों को जोड़ने या असेंबल करने पर आधारित विनिर्माण से उच्च-मूल्य वाले घटक विनिर्माण की ओर रुख किए जाने में सहायक है।

इलेक्ट्रॉनिक्स घटक विनिर्माण योजना (ईसीएमएस)

मंत्रिमंडल द्वारा 1 मई 2025 को 22,919 करोड़ रुपये के वित्तीय परिव्यय के साथ अनुमोदित ईसीएमएस को 249 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जो उद्योग जगत की गहरी रुचि को इंगित करते हैं। 1,15,351 करोड़ रुपये की अनुमानित निवेश प्रतिबद्धता 59,350 करोड़ रुपये के मूल लक्ष्य से लगभग दोगुना है।

इस योजना से अगले छह वर्षों में 10,34,700 करोड़ रुपये मूल्य का उत्पादन होने की अपेक्षा है, जो 4,56,000 करोड़ रुपये के प्रारंभिक लक्ष्य का 2.2 गुना है। इससे 1,42,000 प्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने का अनुमान है,

जो 91,600 के लक्ष्य से कहीं अधिक है, साथ ही कई गुना संख्या में अप्रत्यक्ष रोजगार भी सृजित होंगे। यह रोजगार और आर्थिक विकास को बड़े पैमाने पर गति देने की इस योजना की क्षमता को प्रदर्शित करता है।

इस योजना को मिली जबरदस्त प्रतिक्रिया वैश्विक मंच पर भारत के बढ़ते कद और एमएसएमई सहित घरेलू इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग में बढ़ते विश्वास को दर्शाती है। 1 मई 2025 से शुरू होने वाली तीन महीने की प्रारंभिक आवेदन अवधि को 30 सितंबर 2025 तक बढ़ा दिया गया था। ईसीएमएस से वर्ष 2030-31 तक 500 बिलियन डॉलर के घरेलू इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण इकोसिस्‍टम के प्रधानमंत्री के विजन की दिशा में भारत की यात्रा में तेजी आने की उम्मीद है।

राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स नीति (एनपीई) 2019

राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स नीति का उद्देश्य भारत को इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम डिज़ाइन एंड मैन्‍युफैक्‍चरिंग (ईएसडीएम) के लिए एक वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करना है। इसका लक्ष्य वर्ष 2025 तक ईएसडीएम से 400 बिलियन डॉलर का राजस्व प्राप्त करना है। यह नीति नवाचार को बढ़ावा देती है, डिज़ाइन-आधारित विनिर्माण को प्रोत्साहित करती है, और उद्योग का दीर्घकालिक विकास सुनिश्चित करने के लिए अनुसंधान एवं विकास को बढ़ावा देती है।

भारत की इलेक्ट्रॉनिक्स और मोबाइल निर्माण यात्रा इसकी महत्वाकांक्षा, नवाचार और वैश्विक प्रतिस्पर्धा में तेजी से बढ़ती क्षमता का प्रतीक है। उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन योजना (PLI), इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग स्कीम (ECMS) और सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट निर्माण को प्रोत्साहित करने वाली योजना (SPECS) जैसी पहलों ने देश में घरेलू निर्माण को बढ़ावा दिया है, आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत किया है और निर्यात को प्रोत्साहित किया है। राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स नीति और ‘मेक इन इंडिया’ जैसी पहलों के साथ मिलकर इन प्रयासों ने निवेश को आकर्षित किया है, रोजगार के नए अवसर पैदा किए हैं और भारत की तकनीकी आत्मनिर्भरता को आगे बढ़ाया है। निरंतर नवाचार और नीति समर्थन के साथ, भारत वर्ष 2030-31 तक 500 बिलियन डॉलर के घरेलू इलेक्ट्रॉनिक्स इकोसिस्टम को प्राप्त करने और वैश्विक मंच पर इलेक्ट्रॉनिक्स और मोबाइल प्रौद्योगिकी में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए तैयार है।

 

 

 

RELATED ARTICLES

51 mins ago | Diwali Muhurat Trading 2026

दीपावली पर रविवार को खुलेगा शेयर बाजार, एनएसई-बीएसई में मुहूर्त ट्रेडिंग का एक घंटे का विशेष सत्र

दीपावली के अवसर पर आज भारतीय शेयर बाजार में पारंपरिक मुहूर्त ट्रेडिंग का आयोजन किया जाएगा। इसक...

1 hour ago | 1. PM Modi Diwali Celebration on INS Vikrant

पीएम मोदी ने देशवासियों को दी दीपावली की शुभकामनाएं, आज वीर जवानों के साथ मनाएंगे दीपोत्सव

देशभर में आज रविवार को दीपावली का त्योहार उमंग के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री न...